प्रतापपुर। सरायममरेज के खानपुरडाडी लोहगजरी गांव में मंगलवार रात 12 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने से तीन सगे भाइयों का लाखों का सामान जल गया। आग बुझाने के दौरान पांच लोग झुलस गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
खानपुर डाडी निवासी प्यारेलाल, राजेश कुमार और अमरजीत सगे भाई हैं। पीड़ित परिजनों के अनुसार, मकान के आगे छप्पर डालकर तीनों भाइयों ने 12 क्विंटल गेहूं, दो बाइक, चार साइकिल और तीन फोन के साथ गृहस्थी का सामान रखा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हवा चलने की वजह से छप्पर धू-धूकर जलने लगा।
आग लगने की जानकारी पर घर में सो रहे लोग उठकर बाहर आए। आग को बुझाने की कोशिश में प्यारेलाल, अमरजीत, राजेश कुमार, अक्षय कुमार व कंचन देवी झुलस गईं। प्यारेलाल और राजेश गंभीर रूप से जलकर जख्मी हो गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना होने पर सुबह पुलिस और हल्का लेखपाल आलोक कुमार मौर्य पहुंचे। पीड़ित परिवार समेत ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता दिलाए जाने की प्रशासन से मांग की है।