मेजा इलाके के लूतर चेकडैम में शुक्रवार दोपहर स्नान करते वक्त पानी के बहाव में एक छात्र डूब गया। पुलिस की मदद से तत्काल गोताखोर चेकडैम में उतरे लेकिन छात्र का कुछ भी पता नहीं चल सका। घर में कोहराम मचा हुआ है।
मेजा थाना क्षेत्र के लूतर गांव के ईशरत अली के चार बेटों में तीसरे नंबर का इब्राहिम (14) तेंदुआ के नवराजी देवी सरस्वती विद्या मंदिर में सातवीं का छात्र है। इब्राहिम अपने साथियों संग शुक्रवार दोपहर में लूतर चेकडैम में स्नान करने गया था। बताया जाता है कि चेकडैम में इब्राहिम स्नान करने के लिए कूदा तो वह पानी के तेज बहाव में डूब गया। उसके साथियों ने तत्काल यह जानकारी परिजनों को दिया तो बदहवास हालात में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों को चेकडैम में उतारा लेकिन काफी प्रयास के बाद भी डूबे छात्र का पता नहीं चल सका।
इब्राहिम चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। पिता ईशरत उस्मान के डेरा पर परचून की दुकान चलाते हैं। बता दें कि टोंस नदी से इतनी तेजी से पानी लूतर चेकडैम में जा रहा है कि स्नान करना खतरे से खाली नहीं है। संवाद