इलाहाबाद (ब्यूरो)। संगम पर शनिवार को नौकाओं की दो किलोमीटर लंबी शृंखला बनाकर लोगों को वोटर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) के तहत किया गया। संगम क्षेत्र में नौकाओं की शृंखला, जगह-जगह लगे बोर्ड और रंग-बिरंगे गुब्बारे यह संदेश दे रहे थे कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मतदान का कितना महत्व है।
नौकाओं की शृंखला सुबह साढ़े सात बजे बनाई गई। हर नाव पर गोताखोर भी मौजूद थे। शृंखला किला घाट से संगम तक बनाई गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों को मतदाता बनने और मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के दौरान सभी धर्मों के धर्म गुरु, मुख्य विकास अधिकारी आंद्रा वामसी, एडीएम सिटी पुनीत शुक्ल समेत एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी, सिविल डिफेंस के लोग और सेना के जवान भी मौजूद थे। इस मौके पर डीएम संजय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव अहम माने जाते हैं। जनता मतदान कर अपने प्रतिनिधियों को चुनती है। उन्होंने लोगों से शतप्रतिशत मतदान की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सेना ने अपने बैंड की विशेष धुनों के माध्यम से लोगों को मतदाता बनने एवं मतदान करने के लिए प्रेरित किया। सेना ने फ्लैग मार्च भी किया। मुन्ना अशरफी की ओर से मतदाता जागरूकता पर गीत प्रस्तुत किया गया। साथ ही एयरफोर्स की ओर से ग्लाइडर उड़ाया गया। नौकाओं के साथ मानव शृंखला भी बनाई गई।