मांडा थाना क्षेत्र के महेवाकला गांव के रहनेे वाले प्रेमी शिवम सोनकर (23) और प्रेमिका अंजली (20) ने घर से 10 किमी दूर जिगना क्षेत्र के चड़ेरु चौकठा गांव में शुक्रवार की रात 11 बजे विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची जिगना थाने की पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। वहीं, अंजली के पिता राजेश और शिवम के पिता नंदलाल का कहना है कि उनके प्रेम संबंध पर कोई आपत्ति नहीं थी। दोनों एक साथ रह रहे थे। उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है।
मांडा थाना क्षेत्र के महेवाकला गांव के नंदलाल के बेटे शिवम सोनकर (23) और पास के चकडीहा गांव के राजेश की बेटी अंजली (20) के बीच प्रेम संबंध थे। शिवम दिल्ली में एक निजी कंपनी में दो साल से काम करता था। 13 मई को वह अंजली को भी दिल्ली ले गया था, जहां दोनों साथ रह रहे थे।
नंदलाल ने बताया कि छह जुलाई को शिवम दिल्ली से घर आया था। शुक्रवार को शाम पांच बजे बड़े भाई सत्यम सोनकर से दिल्ली जाने के लिए किराये के पैसे लिए। इस दरम्यान अंजली कहां थी, इसकी जानकारी दोनों परिवारों को नहीं थी।
रात 11 बजे जिगना थाना क्षेत्र के चड़ेरु चौकठा गांव के पास शुभम और अंजली एक-दूसरे का हाथ पकड़कर विक्रमशिला एक्सप्रेस के सामने कूद गए। इससे दोनों की मौत हो गई। युवक के पास मिले आधार कार्ड से शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
शनिवार की सुबह दोनों के परिजन थाने पहुंचे। शिवम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था जबकि अंजली दो भाइयों और चार बहनों में तीसरे नंबर की थी। शिवम की मां रामा देवी और अंजली की मां कुसुम देवी रोते-रोते बदहवास हो गईं। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है।