शहर की बिजली व्यवस्था रिमझिम फुहार के आगे ही घुटने टेक रही है। शनिवार रात से लेकर रविवार पूरे दिन शहर के तीन दर्जन इलाकों में करीब 17 से 18 बार बिजली कटी।
इनमें करीब एक दर्जन इलाकों में हर बार आधे से एक घंटे तक बिजली गुल रही। तिलकनगर, सोहबतियाबाग, अल्लापुर, दारागंज, बक्सी बांध और अमिताभ बच्चन रोड, कटरा, जाॅर्जटाउन, मालवीय रोड, कर्नलगंज, राजापुर , तेलियरगंज, सलोरी, गोविंदपुर, छोटा बागड़ा सहित कई इलाकों में लोगों को पीने का पानी बाहर से खरीदकर लाना पड़ा।
वहीं, न्यू खुसरोबाग स्थित हमीदिया स्कूल के पास शनिवार रात करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बैरहना, रामबाग, गऊघाट, मुट्ठीगंज, शक्ति चौराहा, बलुआघाट, रानी मंडी, कल्याणी देवी, अतरसुइया और मीरापुर क्षेत्रों में रातभर 40 से 50 मिनट के अंतराल पर कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। टीपी नगर, सुलेम सराय, धूमनगंज में भी दिनभर बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।