शारदीय नवरात्र को लेकर शहर में अलग-अलग थीम पर पंडाल सजने लगे हैं। अशोकनगर दुर्गा पूजा कमेटी पार्क में 12 लाख रुपये की लागत से अफगानिस्तान और तालिबान के बीच युद्ध की थीम पर पंडाल बना रही है। इसमें 15 मिनट तक दोनों के बीच युद्ध के दौरान फाइटर प्लेन-टैंक की साउंड के माध्यम से गर्जना सुनाई देगी।
पंडाल को कोलकाता के 12 कारीगर एक महीने से तैयार कर रहे हैं। साथ ही इसमें तकनीशियन का समूह लगा है। अध्यक्ष ललित मोहन गुप्ता और सेक्रेटरी राजीव सचदेवा ने बताया कि कमेटी 60 साल पुरानी है। 42 फीट ऊंचे पंडाल में मां की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजक दास बाबू गुप्ता के मुताबिक पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए बैकग्राउंड साउंड के साथ मूवमेंट भी दिखेगा। इसमें एरोप्लेन का उड़ना, टैंक से हमला और फायर ब्रिगेड के आग बुझाने का दृश्य खास होगा। चारों तरफ रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी।
पंडाल को जूट से तैयार किया जा रहा है। इसका मुख्य द्वार नारियल के छिलके से बन रहा है। ऑटोमेटिक एरोप्लेन का उड़ना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। पंडाल में प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनवाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के भीड़ प्रबंधन के भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं।