अल्लापुर स्थित न्यू साकेत अस्पताल के पास स्थित एक किराने की दुकान में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। करीब डेढ़ घंटे बाद जब धुआं के साथ लपटे दिखीं तब आसपास के लोगों को मालूम चला। इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से किसी को चोट नहीं आयी हालांकि पूरी दुकान जलकर खाक हो गई।
बताया जाता है महेश कुमार पुत्र हनुमान प्रसाद के किराने की दुकान है। वह इन दिनों हरियाणा गए हुए हैं। दुकान में ताला बंद है। दोपहर करीब दो बजे दुकान के भीतर से धुआं निकलना शुरू हुआ। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थोड़ी देर में फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई लेकिन दुकान का शटर बंद होने से आग बुझाने का काम शुरू नहीं हो सका। शटर खुलने का कोई रास्ता न देख फायर बिग्रेडकर्मियों को उसे कटना पड़ा। उसके बाद जाकर आग बुझाई जा सकी। तब तक दुकान के भीतर रखा काफी समान जलकर नष्ट हो गया। दुकान स्वामी को आगजनी की सूचना दे दी गई है।