राजापुर, धूमनगंज व कौशाम्बी में दबिश
उधर नामजद आरोपी घटना के बाद से ही घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने रात में ही पंकज के ऊंचवागढ़ी, राशिद के साहिल कॉलोनी व शनि के नेवादा स्थित घर पर दबिश दी। लेकिन वह गायब मिले। उधर रविवार को एसओजी की अलग-अलग टीमों ने धूमनगंज के ताड़बाग, गढ़वा व कौशाम्बी के भरवारी में दबिश दी। दरअसल राशिद के कुछ रिश्तेदारों की कौशाम्बी में रहते की जानकारी मिली थी। जिसके बाद पुलिस टीम वहां भी पहुंची लेकिन देर रात तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका था।
आरोपियों की तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं। उनके हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है। - दीपक भूकर, डीसीपी नगर
घर से लेकर मर्चरी तक कोहराम
उधर आदिल की मौत के दूसरे दिन घर से लेकर मर्चरी तक कोहराम मचा रहा। पिता रियासत, चाचा कमाल व अन्य परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव राजापुर के भूसेवाली गली स्थित घर लाया गया और फिर वहां से नेवादा कब्रिस्तान ले जाकर सुपुर्दे ए खाक कर दिया गया।
सिर को भेदते हुए माथे से पार हो गई थी गोली
उधर पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि आदिल को एक गोली सिर के पिछले हिस्से में मारी गई थी। यह सिर को भेदते हुए माथे से पार हो गई थी। दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शरीर पर अन्य किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले।