झूंसी कोहना वार्ड में पानी की टंकी के पास सोमवार की शाम वाई फाई के केबल से बनाए गए झूले पर झूलते वक्त हाथ छूटने से 10 वर्षीय बालक शाकिर पुत्र मोहम्मद रुस्तम नीचे गिर गया और कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। मंगलवार को गांव के ही कब्रिस्तान में शव को दफना दिया गया।
झूंसी कोहना गांव निवासी मोहम्मद रुस्तम कई साल तक सऊदी अरब में वेल्डिंग का काम कर रहा था। कुछ माह पहले वतन वापस लौटने के बाद उसने यहीं पर वेल्डिंग की दुकान खोल रखी है। उसका 10 वर्षीय पुत्र शाकिर निजी स्कूल में कक्षा तीन का छात्रा था।
सोमवार की शाम तकरीबन पांच बजे घर के सामने पानी टंकी के पास वाईफाई की केबल से बने झूले पर वह झूल रहा था। तभी उसका हाथ झूले से छूट गया और वह जमीन पर जा गिरा।
इस दौरान उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई लेकिन कहीं से भी खून का रिसाव नहीं हुआ। इसके बाद वह घर चला गया।
घर जाने के बाद वह उल्टी करने लगा। इस दौरान बालक को शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से मां गुड़िया बेसुध हो गई। मंगलवार को शव को गांव के ही कब्रिस्तान में दफना दिया गया।