फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रफ्तार के ‘बादशाहों’ ने सिखाया सड़क पर चलने का सलीका

Sat, 08 Nov 2014 05:30 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। फर्राटा भरने वालों को सड़क पर चलने का सलीका सिखाने के लिए शुक्रवार रफ्तार के ‘बादशाह’ सड़क पर उतरे। लोगों को जितनी क्षमता की कार चलाने की आदत है, उससे कहीं अधिक ताकत की महंगी बाइक के साथ उतरे लोगों ने बताया कि कुछ उपाय अपनाकर किस तरह से सफर को सुरक्षित बनाया जा सकता है। 1600 सीसी से लेकर 800 सीसी की बाइक के साथ आए लोगों ने बताया कि सड़क पर चलते समय किस तरह के जैकेट, जूते और हेलमेट को पहना जाए ताकि दुर्घटना में सिर, घुटने, कोहनी को कम से कम नुकसान हो।
विज्ञापन

यातायात माह के अंतर्गत प्रधान डाकघर पर आयोजित कार्यक्रम में पावर बाइक्स को तो प्रदर्शित किया ही गया, लोगों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। जिन आठ बाइक्स को कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया, उनमें से छह इलाहाबादियों की हैं। सिविल लाइंस के अमित बनर्जी की 1600 सीसी की हार्ले डेविडसन, महेवा के मो. ओसामा की 833 सीसी की हार्ले डेविडसन, करेली के व्यवसायी जीशान इकबाल की सुजुकी जीएसएक्स आर, दिल्ली के नितिन की हार्ले डेविडसन 1600 सीसी को प्रदर्शित किया गया। पावर बाइक्स को देखने के लिए शुक्रवार शाम को डाकघर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। जब इन्हें चलाया गया तो लोग तालियां बजाने लगे। इस मौके पर एसएसपी दीपक कुमार ने सड़क हादसे के आंकड़ों को लोगों के सामने रखा। कहा कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और हेलमेट न पहनने से मामूली दुर्घटनाएं भी जानलेवा हो सकती हैं। कहा कि सड़क हादसों में 90 फीसदी वाहन चालकों की जान हेलमेट न पहनने से जाती है। उन्होंने कहा कि लोग नियमों के लिए नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनें।
पावर बाइक्स के माइलेज के बारे में सुनेंगे तो दंग रह जाऐंगे। हार्ले डेविडसन की बाइक पांच से छह किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है। इसे 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक चलाया जा सकता। 191 बीएचपी की ताकत देने वाली सुजुकी को तो 300 की रफ्तार पर दौड़ाया जा सकता है। दिल्ली के नितिन ने बताया कि वह अपनी बाइक से एक दिन में 600 किमी तक का सफर तय कर चुके हैं।
विज्ञापन

एसएसपी ने बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले पुलिस वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चेकिंग में जिस भी थाने का सिपाही या दरोगा बिना हेलमेट के मिलेगा, जुर्माना उसके थानेदार को देना होगा। एसएसपी ने कहा कि एसओ और सीओ की जिम्मेदारी होगी कि वह सुनिश्चित करें कि हर पुलिस कर्मी हेलमेट पहनकर बाइक चलाए। उन्होंने पिछले सड़क हादसों में नौ पुलिस वालों के जान गंवाने की बात भी सामने रखी।
एसएसपी ने एएसपी ट्रैफिक को दो सौ हेलमेट खरीदने का निर्देश दिया। कहा कि जो भी सिपाही बिना हेलमेट के मिलता है, उसकी आईडी लेकर नया हेलमेट दिया जाए। हेलमेट की कीमत उसकी तनख्वाह से वसूली जाएगी।
अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर भाग जाने वालों को भी जुर्माना भरना होगा। आईजी जोन दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि नियम तोड़ने वाले वाहनों का नंबर नोट कर लिया जाएगा और चालान घर के पते पर भेज दिया जाएगा। संबंधित अफसर के सामने उपस्थित न होने पर लाइसेंस निरस्त करने या वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। गलत पार्किंग करने वाले वाहनों पर चालान चस्पा करने की व्यवस्था भी लागू की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें