इलाहाबाद। यमुनापार क्षेत्र के कई गावों में बुखार से10 बच्चों की मौत की जांच चल ही रही है और कुछ बीमार बच्चों में मलेरिया की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग की टेंशन बढ़ गई है। बच्चों में प्लाज्मोडियम वाइवेक्स (पीवी) श्रेणी का मलेरिया पाया गया है। मलेरिया की पुष्टि होने केबाद विभागीय टीम ने शनिवार को मांडा, कोरांव के कई गांवाें का दौरा किया और 75 बीमार बच्चों के नमूने लिए। उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
बुखार से तीन दिन में दस बच्चों की मौत को शासन ने गंभीरता से लिया है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर लखनऊ से पहुंची केजीएमयू की टीम ने कई बच्चों के नमूने लिए। उनकी जांच रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है। इससे पहले ही कुछ बच्चों मेें मलेरिया की पुष्टि होने से इलाज की दिशा भटक गई है। हालांकि शनिवार को दो अलग-अलग टीमें जांच में लगी रहीं। एक टीम ने मलेरिया तो दूसरी ने बुखार के दूसरे पहलुओं की जांच की। डॉक्टर इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि मलेरिया कितना गंभीर हुआ है।
बच्चों में मलेरिया की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। गांवों में क्लोरोक्विन दवा वितरित करने के साथ ही एंटी लार्वा स्प्रे भी कराया जा रहा है। मलेरिया न फैलने पाए इसके लिए मच्छरदानी लगाने की सलाह दी जा रही है।
डॉक्टरों की सलाह है कि मच्छरों से बचने के लिए क्वायल, अगरबत्ती का इस्तेमाल करने के बाद भी राहत न मिले या फिर इनके प्रयोग से उलझन हो रही हो तो नारियल तेल में कपूर मिलाकर थोड़ा थोड़ा हाथ, पैर, गरदन में लगाएं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. केशव मिश्रा ने सलाह दी कि कपूर की गंध से मच्छर दूर रहते हैं और त्वचा को भी इसका लाभ मिलता है।