इलाहाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार दोपहर पुलिस लाइन के सामने दिनदहाड़े छिनैती कर डाली। वे बैंक से निकली रिटायर्ड महिला प्रिंसिपल के हाथ से बैग छीन लिया। हालांकि बैग में बहुत कम रकम और पासबुक तथा चाभियां ही थीं। कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट लिखी गई।
नया ममफोर्डगंज मुहल्ला निवासी कुसुम श्रीवास्तव फाफामऊ नगर पालिका स्कूल की पूर्व प्रधानाचार्य हैं। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में उनका खाता है। वह बुधवार दोपहह अपना पासबुक अपडेट कराने के लिए बैंक गईं थीं। अपडेट कराने के बाद कुसुम पासबुक बैग में रखकर बैंक से बाहर निकलीं। वह गेट से निकलकर सड़क पर पुलिस लाइन के सामने से गुजर रही थीं तभी बाइक पर दो युवक उनके करीब आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया। अचानक छिनैती से स्तब्ध कुसुम ने शोर मचाया लेकिन आसपास मौजूद लोगों को छिनैती के बारे में पात चलने तक में बदमाश बाइक पर भाग गए थे। हालांकि बैग में सिर्फ चार सौ रुपये, पासबुक, मोबाइल फोन और घर की चाभियां थीं। पहले तो सिपाहियों ने घटना को मामूली बताकर टालमटोल की लेकिन जब कुसुम ने अपने परिचित अफसरों को फोन किया तो उन्हें थाने ले जाकर छिनैती की तहरीर ली गई। इंस्पेक्टर कर्नलगंज आरके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट लिख हुलिए के आधार पर लुटेरों के बारे में पता लगाने की कोशिश हो रही है।
बरौत इलाके में बुधवार भोर में जयपुर से माल लाकर उड़ीसा जा रहे ट्रक के ड्राइवर को पीटकर बदमाशों ने नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया। सूचना मिलने पर भी पुलिस ने कुछ नहीं किया तो भुक्तभोगी ड्राइवर ट्रक लेकर चला गया। अलवर (राजस्थान) निवासी खुर्शीद खान जयपुर से ट्रक में माल लादकर उड़ीसा जा रहे थे। वहां से कई और ट्रक साथ में उड़ीसा के लिए चले थे। इलाहाबाद पहुंचने तक खुर्शीद का ट्रक बाकी ट्रकों से आगे हो गया था। पीछे आ रहे ट्रक ड्राइवरों ने फोन से उसे बरौत के पास रुकने के लिए कहा। भोर में खुर्शीद बरौत नहर के पास ट्रक रोककर खड़ा था। खलासी टायरों में हवा चेक कर रहा था तभी तीन बदमाश आए और चाकू दिखाकर ड्राइवर खुर्शीद से पैसे देने को कहा। विरोध पर उसकी पिटाई कर दी। फिर तीन हजार रुपये तथा मोबाइल फोन लूटकर भाग गए।