इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की हड़ताल के बीच स्नातक कक्षाओं में सोमवार से प्रवेश शुरू होंगे। खास यह कि नौ साल पहले 14 जुलाई को विवि को ही केंद्रीय दर्जा भी मिला था। पहले दिन बीएससी और बीकॉम में प्रवेश होगा। बीए में प्रवेश 21 जुलाई से शुरू होगा। इनके अलावा बीएएलएलबी पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में भी दूसरे चरण का प्रवेश शुरू होगा। बीएससी और बीकॉम के अभ्यर्थियों को सुबह नौ से 11.30 बजे के बीच रिपोर्ट करनी है। काउंसलिंग एक बजे से होगी। बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए 9.30 से 12.30 बजे के बीच रिपोर्ट करनी है। दाखिले की प्रक्रिया प्रवेश भवन पर पूरी की जाएगी। विवि को छात्र-छात्राएं स्नातक की डिग्री के साथ आईएएस, पीसीएस की तैयारी के लिए प्लेटफार्म के रूप में भी देखते हैं। इसलिए इसमें दाखिले के साथ ही उनमें ढेरों उम्मीदें भी जग जाती हैं। इस मकसद से इलाहाबाद ही नहीं दूसरे जिलों तथा प्रदेशों से भी विद्यार्थी यहां दाखिला लेने आते हैं जो सिलसिला इस बार भी जारी रहेगा।