फूलपुर। फूलपुर थाना क्षेत्र के हंसराजपुर के कुंए में मछली शहर के घरिया रामनगर के ड्राइवर राकेश कुमार (35) की लाश मिली। उसके भाई ने हत्या की आशंका जताई है। राकेश कुमार 27 मई को मछली शहर से बारात लेकर फूलपुर आया था। रात में वह जीप में ताला लगाकर चला गया। सुबह बाराती वापस लौट गए लेकिन राकेश का कुछ पता नहीं चला। राकेश का भाई 28 मई को आया था और जीप ले गया था। शुक्रवार को गांव के ही कुछ लोगों ने कुंए में एक लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को निकलवाया। पूछताछ में राकेश के बारे में जानकारी मिलने पर उसके गांव खबर भेजी गई। राकेश का भाई रामकुमार आया और शव की शिनाख्त की। रामकुमार ने बताया कि राकेश के बाएं हाथ में गमछा बंधा हुआ था और नाक पर खून के निशान थे। चेहरा भी सूजा हुआ था। उसने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।