इलाहाबाद (ब्यूरो)। शहर व आसपास के इलाकों में बुधवार की शाम आई तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी ने गर्मी से थोड़ी तो राहत जरूर दी लेकिन लोगों के लिए मुसीबत कहीं ज्यादा बढ़ा दी। आंधी-पानी में कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। कहीं तार टूटने तो कहीं ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने से बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। कई जगह पेड़ की डालियां टूटकर तारों पर गिर पड़ीं। देर तक उन्हें नहीं हटाया जा सका। ऐसे में दर्जनों इलाकों में आधी रात तक अंधेरा छाया रहा।
तेलियरगंज से जुड़े इलाकों में तो बिजली के साथ पानी की भी जबर्दस्त किल्लत रही। बिजली कटौती से शहर के कई इलाके के लोग दिन भर वैसे ही परेशान रहे। उस पर आंधी ने मुश्किलें बढ़ा दीं। तेलियरगंज, जॉर्जटाउन, गोविंदपुर, कटरा, अल्लापुर, सिविल लाइंस, टैगोर टाउन, सोहबतियाबाग, तुलरामबाग, अलोपीबाग, कल्याणीदेवी, मीरापुर, करेली, प्रीतमनगर, सुलेम सराय, अशोक नगर, राजापुर, उंचवागढ़ी, मिन्हाजपुर, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम सहित शहर के ज्यादातर हिस्सों में आपूर्ति ठप हो गई। बारिश के कारण कई जगह ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए। पेड़ों की डालियां टूटकर तारों पर गिरीं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। इसके मद्देनजर बिजली विभाग को शटटाउन लेना पड़ा। विभाग के लोग देर रात तक लोकल फॉल्ट दूर करने में लगे रहे। इसके बावजूद दर्जनों इलाकों में आधी रात तक अंधेरा छाया रहा।