इलाहाबाद। शहर के ज्यादातर हलवाइयों के पास अगले दो दिन वक्त नहीं है। उन्हें लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों ने बड़ा काम दे दिया है। कुछ को तो भारी मात्रा में लड्डू का ऑर्डर मिल गया है तो कई प्रत्याशियों के घर 50-60 लोगों का भोजन बनाने में जुटे हैं। चुनाव की मतगणना शुक्रवार को होगी लेकिन लगभग सभी प्रत्याशियों के घर और दफ्तरों में बृहस्पतिवार सुबह से ही मजमा लग जाएगा। सिविल लाइंस, कटरा, कल्याणी देवी, रामबाग, मीरापुर, बैरहना, अल्लापुर, लोकनाथ के कई हलवाइयों के पास बुधवार से ही लगभग सौ मन लड्डू तैयार करने के ऑर्डर हैं। हनुमत निकेतन सिविल लाइंस में तो दिन-रात लड्डू बांधने का काम हो रहा है।
एग्जिट पोल के बाद बुधवार को ज्यादातर उम्मीदवारों के घर जमे समर्थकों के बीच स्थानीय स्तर पर हार-जीत के साथ राष्ट्रीय स्तर के समीकरण पर चर्चा होती रही। बसपा और सपा के उम्मीदवार तथा उनके समर्थक चुनाव परिणाम के पूर्वानुमानों से थोड़े निराश हैं तो भाजपा समर्थकों ने अभी से अपनी जीत पक्की मान ली है। जीत के प्रति आश्वस्त कई दलों के कार्यकर्ताओं ने अपनी पसंद के हलवाइयों के पास बुधवार को ही लगभग सौ मन लड्डू तैयार करने के ऑर्डर दे दिए हैं। हलवाइयों के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी केशव प्रसाद के समर्थकों की तरफ से अधिक ऑर्डर मिले हैं। बैरहना के किशन चंद्र अग्रवाल के पास दो सौ किलोग्राम तो लोकनाथ के मोती बाबू हलवाई के पास 250 किलोग्राम लड्डू का ऑर्डर है। सिविल लाइंस, कटरा के दो हलवाइयों के पास 500-500 किलोग्राम का ऑर्डर है लेकिन वे इस बारे में बोलने से कतरा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं की तैयारी है कि शुक्रवार को जीत का जश्न लड्डू केसाथ ही होगा। तैयारी है कि समर्थकों ने चुनाव में पूरी मेहनत की है, इसलिए नतीजे घोषित होने के बाद उन्हें भरपूर लड्डू दिया जाएगा। बसपा प्रत्याशी केशरी देवी पटेल के कई समर्थकों ने भी चार-चार लड्डू के पैकेट तैयार कराए हैं। शहर और यमुनापार से जो भी समर्थक आएंगे, उन्हें मिठाई दी जाएगी। केशरी देवी के समर्थकों को जीत का भरोसा है। कई ने तो ढोलताशा वालों को भी बुक किया गया है। चुनाव आयोग ने जुलूस पर पाबंदी लगा दी है, इसलिए संभावना है कि जीत पर घर के बाहर ही ढोलताशा बजेगा। प्रत्याशी सीधे तौर पर जश्न को लेकर कुछ बोलने से कतरा रहे हैं लेकिन ज्यादातर ने कहा कि जीत हो या हार, समर्थकों ने मेहनत की, उन्हें लड्डू जरूर मिलेगा।