इलाहाबाद (ब्यूरो)। लोकसभा चुनाव-2014 के तहत इलाहाबाद में सात मई को मतदान होना है लेकिन केंद्रीय सुरक्षा बल छह मई को शाम पांच बजे ही जिले के सभी मतदान केंद्रों में मोर्चा संभाल लेंगे। मतदान से एक दिन पहले सभी पोलिंग सेंटर पूरी तरह से केंद्रीय सुरक्षा बल के हवाले कर दिए जाएंगे। सोमवार को कलक्ट्रेट में आयोजित सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम पी. गुरुप्रसाद ने यह जानकारी देते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि मतदान एक एक दिन पूर्व सभी पोलिंग सेंटरों का निरीक्षण कर शाम सात बजे तक जोनल मजिस्ट्रेटों को यह जानकारी दे दी जाए कि हर बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।
डीएम ने बताया कि बूथ पर सिर्फ पीठासीन अधिकारी मोबाइल फोन ले जा सकेंगे लेकिन उन्हें फोन स्विच ऑफ रखना पड़ेगा। सिर्फ आपात परिस्थितियों में सेक्टर या जोनल मजिस्ट्रेट से बातचीत के लिए फोन स्विच ऑन कर सकेंगे। इसके अलावा सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट प्रत्येक दो घंटे में मतदान प्रतिशत की सूचना देते रहेंगे। सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट यह भी देखेंगे कि कोई भी उम्मीदवार या पार्टी मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में कैंप न बनाए।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को मेरी लूकस स्कूल में 1980 पीठासीन अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान 86 पीठासीन अधिकारी गैरहाजिर रहे। प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं एडीएम नजूल राजेश राय ने गैरहाजिर पीठासीन अधिकारियों को चेतावनी जारी की है कि 12 अप्रैल को दोपहर दो से शाम छह बजे के बीच मेरी लूकस स्कूल में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।
आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर सोमवार को प्रशासन की टीम ने पब्लिक एवं प्राइवेट प्रॉपर्टी से 216 प्रचार सामग्रियां हटाईं। इनमें 19 वाल राइटिंग, 44 पोस्टर, 18 बैनर एवं अन्य प्रकार की 135 प्रचार सामग्रियां शामिल हैं। यह जानकारी आचार संहिता के नोडल अधिकारी अशोक कुमार ने दी।