इलाहाबाद। ड्यूटी पर जाते वक्त पुलिस वाले न तो ट्रेन में धक्का खाएंगे, न ही यात्रियों को धकेलेंगे। रेल यात्रियों को पुलिस वालों की जोर जबर्दस्ती से बचाने के लिए पीएचक्य्रू ने रेलवे वारंट पास योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसके तहत पुलिस लाइन से ड्यूटी पर जाने वालों को पास जारी किया जाएगा। इस पास के जरिए पुलिस वाले निर्धारित मार्ग पर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। हालांकि उनको यात्रा भत्ते से हाथ धोना पड़ेगा। सोमवार को पत्रकारों से मुखातिब पीएचक्यू के एडीजी डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस थानों के फोन कटने की शिकायतों के भी स्थाई समाधान के लिए पहल की गई है। पीएचक्यू ने बीएसएनएल से करार कर लिया है। इसके तहत निगम को मोबाइल एवं लैंड लाइन फोन के बिल का एक साथ भुगतान किया जाएगा। इससे फोन तो कटेंगे नहीं, विभाग को तीन करोड़ 80 लाख रुपये की बचत भी होगी। एक साल के दौरान लिए महत्वपूर्ण फैसलों से भी उन्होंने मीडिया को अवगत कराया। एडीजी ने बताया कि कर्मचारियों को पीजीआई में कैशलेस इलाज की सुविधा दिलाने के साथ ही 3194 हेड कांस्टेबल को पदोन्नति देकर एसआई बनाया गया। 2104 एसआई को इंस्पेक्टर तथा 21204 कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल बनाया गया। गांवों में चौकीदारों का मानदेय 1000 की जगह 1500 रुपये किया गया तथा उन्हें साइकिल और टार्च भी उपलब्ध कराए गए। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए हर जिले को बजट भेजा गया है। चालान से प्राप्त होने वाले मद को रिलीज कराके 75 फीसदी हिस्सा जिलों को भेजा गया। इनसे यातायात उपकरणों की मरम्मत करवाई जाएगी। पुलिस ने दंगों से निपटने के लिए उपकरणों की भी खरीद की है। 3087 एक्शन गन, 108892 प्लास्टिक की गोलियां, 236 चिली बम खरीदे गए हैं। ऐसे उपकरण लिए गए हैं जिनसे जान जाने का खतरा कम से कम हो।