इलाहाबाद। चर्चेज ऑफ नार्थ इंडिया की लखनऊ डायोसिस के बिशप हाउस गार्डेन सहित चौक और सेंट जॉन्स गिरजाघरों में रविवार को प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाई गईं। क्रिसमस उत्सव के तहत प्रार्थना सभाओं, कैंडिल लाइट सर्विस के बाद खुशियां बांटने उपहारों के साथ सेंटा क्लॉज भी आया। गिरजाघरों को फूलों और बिजली की झालरों से सजाया गया।
चौक चर्च में कैंडिल लाइट सर्विस के दौरान पादरी एसपी लाल की प्रार्थना से शुरुआत के बाद बतौर मुख्य अतिथि मॉडरेटर्स कमिश्री बिशप कॉलिन सी थियोडोर ने कहा, हमें प्रभु यीशु के जीवन से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने हमें प्रेम, एकता एवं सच्चाई पर चलना सिखाया। जिस तरह वह आजीवन कुरीतियों से लड़ते रहे, उसी तरह हमें भी संघर्ष की सीख लेनी चाहिए। चर्च सर्विस के बाद आपसी भाईचारा के लिए सद्भावना ज्योति यात्रा भी निकाली गई जो अनेक रास्तों से होकर चर्च पहुंचकर ही पूरी हुई। अंत में डीकन कमला सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
काटजू रोड स्थित सेंट जान्स चर्च में भी पादरी प्रवीण मैसी की देखरेख में कैंडिल लाइट सर्विस हुई। इस दौरान जुटे मसीहियों ने गीतों से प्रभु यीशु की महिमा का बखान किया। मुख्य अतिथि डॉ.नीता मैसी ने कहा, यीशु ने हमें दूसरों की सेवा का संदेश दिया। शुुरुआत में पादरी प्रवीण मैसी ने प्रार्थना की। वहीं बिशप हाउस गार्डेन में डब्ल्यूएफसीएस महिला शाखा की ओर से आयोजित क्रिसमस उत्सव में बिशप कॉलिन सी थियोडोर ने सीनियर सिटिजन महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया। संचालन कमला सिंह ने किया। इन कार्यक्रमों में सचिव पादरी राजेश जोसेफ, पादरी गैब्रियल दाऊद, मोहित फ्रेडिक, विनीता रायल, संजय खन्ना आदि मौजूद थे।