फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जोधपुर-हावड़ा, सरयू में सीट के लिए भिड़े परीक्षार्थी

Mon, 16 Dec 2013 05:42 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। आम मुसाफिरों के लिए रविवार का दिन मुश्किल भरा साबित हुआ। पुलिस भर्ती परीक्षा देकर अपने गंतव्य को लौट रहे परीक्षार्थियों की वजह से रविवार को कई मुसाफिर अपनी सीट नहीं पा सके। संगम हो या फिर जोधपुर, कालका हो या फिर, मुरी सभी प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर कोचों की आरक्षित सीटों पर बैठने के लिए परीक्षार्थियों की यात्रियों से खूब झड़प हुई। सरयू और जोधपुर में सीट को लेकर परीक्षार्थियों ने खूब हो हल्ला किया। परीक्षार्थियों की भीड़ के चलते बेबस यात्रियों की एक न चली। इसके पूर्व सुबह ट्रेनों की लेटलतीफी ने भी परीक्षार्थियों को खासा मायूस कर दिया। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की वजह से दर्जनों परीक्षार्थी परीक्षा देने से वंचित हो गए।
विज्ञापन

पुलिस भर्ती परीक्षा को प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा के रूप में देखा जा रहा था। इलाहाबाद के कुल 132 केंद्रों में 64 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों को आज जुटना था। भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आज हजारों की संख्या में परीक्षार्थी बाहरी जिलों से भी यहां पहुंचे। एक पॉली में हुई यह परीक्षा खत्म होने के बाद अपने गंतव्य की ओर जाने वाली जो भी ट्रेन परीक्षार्थियों को मिली वे उसी में चढ़ गए। प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोचों की आरक्षित सीटों में बैठने को लेकर परीक्षार्थियों की यात्रियों से खूब झड़प हुई। शाम को हावड़ा की ओर जाने वाली जोधपुर एक्सप्रेस जैसे ही जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची, वैसे ही उसके तमाम स्लीपर कोचों में परीक्षार्थियों ने कब्जा कर लिया। इस आपाधापी में ट्रेन के उन मुसाफिरों को खासी परेशानी हुई जिनके पास कंफर्म रिजर्वेशन था। ट्रेन के एस-7 कोच में चढ़े परीक्षार्थी मुसाफिरों से ही भिड़ गए। इससे पहले कि नौबत हाथापाई की पहुंचती, वहां मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने किसी तरह से समझा बुझाकर परीक्षार्थियों को शांत किया। इस दौरान फैजाबाद जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में भी बैठने को लेकर कुछ परीक्षार्थियों की यात्रियों से भिड़ंत हो गई। उधर शाम कालका मेल, मुरी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के भी आरक्षित कोचों में बैठे यात्रियों को अपनी बर्थ परीक्षार्थियों से साझा करनी पड़ी। वहीं दूसरी ओर परीक्षा के मद्देनजर आज इलाहाबाद जंक्शन से कई ट्रेनें अपने बदले हुए समय से रवाना हुई। इसमें इलाहाबाद से झांसी जाने वाली गाड़ी संख्या 51819 सवारी गाड़ी सुबह 6.15 बजे की बजाय शाम चार बजे, गाड़ी संख्या 54105 मुगलसराय पैसेंजर सुबह 7.15 की बजाय शाम पांच बजे, 53345 चोपन पैसेंजर अपराह्न 2.50 की बजाय अपराह्न तीन बजे रवाना हुई। इसके अलावा अपराह्न तीन बजे इलाहाबाद से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का रैक अपराह्न तीन बजे कानपुर के लिए रवाना हुआ। आज लखनऊ इंटरसिटी भी विंध्याचल जाने की बजाय इलाहाबाद से ही अपराह्न 3.20 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई।
ट्रेनों की लेट लतीफी ने आज दर्जनों परीक्षार्थियों को पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने से वंचित कर दिया। भर्ती परीक्षा आज सुबह 11 बजे से अपराह्न एक बजे के बीच आयोजित थी। लेकिन सुबह के समय आने वाली कई प्रमुख ट्रेनें आज समय से इलाहाबाद नहीं पहुंच सकी। प्रयागराज भी आज 2.40 घंटे की देरी से नौ बजे के आसपास ही इलाहाबाद पहुंची। इसी तरह संगम 4.30 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 2.25 घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 4.30 घंटे, 13112 लालकिला तीन घंटे, नौचंदी 3.35 घंटे, झारखंड आठ घंटे, जनता 10 घंटे, ऊंचाहार 3.20 घंटे तक विलंबित रही। उधर शनिवार की सुबह 11 बजे आने वाली मुंबई मेल रविवार की सुबह सात बजे ही जंक्शन पहुंच सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें