इलाहाबाद (ब्यूरो)। इंसपायर अवार्ड योजना के तहत सोमवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज में शुरू हुई दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी में बाल विज्ञानियों ने अपनी प्रतिभा से निर्णायकों का ध्यान खींचने की कोशिश की। प्रदर्शनी के पहले दिन गंगापार के 11 ब्लाकों बहादुरपुर, बहरिया, होलागढ़, कौड़िहार प्रथम, कौड़िहार द्वितीय, सोरांव, फूलपुर, प्रतापपुर, मऊआइमा, धनूपुर तथा हंडिया ब्लाक के 315 बच्चों ने प्रदर्शनी में भागीदारी की। बच्चों ने मॉडलों के जरिए प्रकृति के प्रति अपनी चिंता को प्रदर्शित किया। विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश सरकार के मंत्री राम पूजन पटेल ने दीप जलाकर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। छात्राओं ने लोकगीत ‘खेतवा जा जा रे सांवरिया’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विज्ञान प्रवक्ता नीना प्रजापति ने विज्ञान प्रश्नोत्तरी कराई। मंगलवार को यमुनापार और नगरक्षेत्र के विद्यालयों द्वारा मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अक्षय कुमार गुप्ता, अतिथियों का स्वागत प्रबंधक पंकज जायसवाल और कार्यक्रम का संचालन नीलम श्रीवास्तव ने किया। मंगलवार को चाका, करछना, कौंधयारा, शंकरगढ़, उरूवा, मेजा, माण्डा, कोरांव, जसरा, सैदाबाद ,नगर क्षेत्र तथा माध्यमिक विद्यालयों के एवार्डी प्रतिभाग करेंगे।