फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह घंटे जाम में जूझे शहरी

Tue, 20 Aug 2013 05:34 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। हाईकोर्ट के वकीलों की सभा के मद्देनजर पुलिस ने जीटी रोड का ट्रैफिक डायवर्ट किया तो नवाब युसूफ रोड, पानी टंकी चौराहा से चौफटका, जानसेनगंज चौराहा तक कई घंटे जाम लगा रहा। चिलचिलाती धूप में लोग जाम में फंसकर खीझते रहे। स्कूल से छूटने पर घर जा रहे बच्चे भी बेहद परेशान हुए। धूप के बीच टेंपो, ट्राली, वैन, बस में बच्चे कसमसाते रहे। शाम तकरीबन चार बजे तक जाम का यही हाल रहा। वकीलों की सभा के चलते सोमवार को पुलिस ने पानी टंकी चौराहा से हाईकोर्ट के अगले चौराहे तक ट्रैफिक रोका था। सुबह से शाम चार बजे तक सभी गाड़ियों को पानी टंकी चौराहा से नवाब युसूफ रोड पर भेजकर अगले चौराहे से जीटी रोड पर भेजा गया। इस सड़क पर सुबह से ही जाम लग गया। ट्रक, टैंकर, टेंपो, जीप, कार की कतार लगी रही। दोपहर करीब एक बजे सिविल लाइंस के कई बड़े स्कूलों से बच्चे निकले तो स्कूली गाड़ियां भी जाम में फंस गई। नतीजा यह हुआ कि नवाब युसूफ रोड, पानी टंकी चौराहा, ओवरब्रिज, जीटी रोड पर चौफटका के आगे तक भीषण जाम लग गया। लोगों ने इस जाम से बचने के लिए जानसेनगंज और रेलवे स्टेशन सिटी साइड की ओर से जाने की कोशिश की तो उधर भी ट्रैफिक ध्वस्त हो गया। जानसेनगंज से लेकर लीडर रोड पर स्टेशन तक गाड़ियों की लाइन लगी रही। जाम में स्कूली बच्चों की भी गाड़ियां फंसी रहीं। तेज धूप और जाम ने लोगों को बेहाल कर दिया। ट्राली, वैन, टेंपो में स्कूल से घर लौट रहे स्कूली बच्चे रोने भी लगे थे। आलम यह है कि ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से सिविल लाइंस साइड रेलवे स्टेशन और नवाब युसूफ रोड के बीच स्मिथ रोड पर भी जाम लग गया। उधर, सरदार पटेल मार्ग, कमला नेहरू मार्ग पर भी जाम जैसी हालत हो गई। जाम की स्थिति बिगड़ने पर ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हुई लेकिन शाम चार बजे के बाद ही राहत मिली। ट्रैफिक इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह के मुताबिक, जीटी रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन के कारण जाम की समस्या बनी। अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए तो जाम दूर हो सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें