इलाहाबाद। तेलियरगंज टेंपो स्टैंड पर सोमवार दोपहर सवारियां बैठाने के विवाद में टेंपो चालकों में झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक टेंपो चालक चांदबाबू पर फायरिंग कर दी गई। गोली गले को किनारे से चीरते निकल गई। जख्मी चांदबाबू को अस्पताल में भर्ती किया गया है। शिवकुटी थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखी गई है। शिवकुटी पुलिस ने छापेमारी की पर रात तक कोई भी आरोपी पकड़ा नहीं जा सका था। तेलियरगंज इलाके में रहने वाले मोहम्मद इलियास का बेटा चांदबाबू (32) टेंपो ड्राइवर है। वह शहर में कचहरी से सोरांव के रूट पर टेंपो चलाता है। सोमवार सुबह भी वह कचहरी से सवारियां बैठाकर सोरांव के लिए रवाना हुआ था। वह करीब 10 बजे कचहरी स्टैंड पर टेंपो लेकर पहुंचा और सवारियां लीं। सोरांव रवाना के लिए टेंपो बैक करने लगा तभी दूसरे टेंपो चालकों से उसकी झड़प हो गई। दूसरे चालक उसे गालियां देने लगे। चांदबाबू ने भी अपशब्द कह दिए। वह टेंपो लेकर जाने लगा तभी उस पर विरोधी टेंपो चालक ने फायर कर दिया। गोली उसकी गर्दन को किनारे से चीरते निकल गई। वह लहूलुहान होकर सीट पर लुढ़क गया। टेंपो चालक को सरेआम गोली मारने से खलबली मच गई। हमलावर भाग गए। खबर पाकर पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। घायल चांदबाबू को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। एसओ शिवकुटी वीके सिंह ने बताया कि चांदबाबू का दूसरे टेंपो चालकों से तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। सोमवार सुबह की घटना में टेंपो चालकों अरमान, अहसान और परवेज के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। इनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल वे गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। घायल चांदबाबू की हालत खतरे से बाहर है।