इलाहाबाद। चांद रात की तस्दीक और ईद को लेकर शाम को रहा विवाद और बारिश भी ग्राहकों के कदम रोक नहीं सकी। दोपहर से ही रोशनबाग से लेकर चौक क्षेत्र में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ रही। शाम के बाद अंधेरा बढ़ने के साथ ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ी। चौक घंटाघर के आसपास और रोशनबाग में फुटपाथ पर भी सैकड़ों की संख्या में सजावटी सामान, क्रॉकरी, सेवई, आर्टिफिशियल फूल की दुकानें भी सजीं। बरामदा स्थित सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों में भीड़ के कारण महिला खरीदारों इंतजार करना पड़ रहा था।
चांद रात होने की संभावना के कारण बाजार में सुबह से ही तैयारी शुरू हो गई थी। सामान्य दिनों की अपेक्षा बृहस्पतिवार को दुकानें थोड़ा जल्दी खुल गईं। दोपहर में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहक चौक, खुल्दाबाद, जानसेनगंज, बजाजा पट्टी, जवाहर स्क्वायर, रोशनबाग की दुकानों पर पहुंचे। भीड़ बढ़नी शुरू हुई तो अपराह्न करीब तीन बजे से जोरदार बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए ग्राहक दुकानों में घुस गए। थोड़ी देर के लिए बाजार में सन्नाटा पसर गया। बारिश धीमी होते ही ग्राहकों की भीड़ फिर सड़क पर आ गई। हल्की बारिश के दौरान भी लोग खरीदारी करते रहे। शाम को मौसम खुला तो शहर और आसपास के ग्राहकों की भीड़ बढ़ी। फुटवियर, रेडीमेड गारमेंट्स, दुपट्टा, सिले-सिलाए सलवार-सूट के साथ सौंदर्य प्रसाधन, सोफा कवर, टेबल कवर की दुकानों पर भीड़ जुटनी शुरू हुई। छोटी दुकानों में हालात ऐसे हुए कि ग्राहकों को दुकान के अंदर घुसने तक की जगह बनानी मुश्किल हो गई। फुटवियर की कई दुकानों पर हालत ऐसे बने कि ग्राहकों को पसंद और मोलभाव करने का भी वक्त और जगह नहीं मिली। रोशनबाग की सड़कों पर शोरूम से ज्यादा फुटपाथ की दुकानों पर ग्राहक दिखे।