इलाहाबाद। संगम से गंगा जल लेकर वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा के लिए वाराणसी रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन स्कीम लागू कर दी गई है। मंगलवार से वाराणसी रूट पर लागू डायवर्जन पूरे सावन महीने तक प्रभावी रहेगा।
एसएसपी कैंप कार्यालय से बताया गया कि हर साल सावन महीने में गंगा जल लेकर रवाना होने वाले कांवड़िए हादसे का शिकार होते हैं। इस वजह से इस बार भी कांवड़ियों की सहूलियत के लिए इलाहाबाद से वाराणसी रूट पर भारी वाहनों की आवाजाही पर हंडिया तक प्रतिबंध लगाया गया है। कानपुर से वाराणसी की ओर जाने वाले ट्रक-बस जैसे भारी वाहनों को शहर आने पर लोकसेवा आयोग, फाफामऊ, सहसों होते हुए बाइपास से आगे रवाना किया जाएगा। वाराणसी से सीधे कानपुर की तरफ जानेे वाले वाहनों को हमेशा की तरह कोखराज-हंडिया बाइपास से ही जाना होगा लेकिन इलाहाबाद होकर कानपुर जाने वाली बड़ी गाड़ियों को सहसों से थरवई, फाफामऊ, तेलियरगंज, लोकसेवा आयोग चौराहा से होते हुए चौफटका की तरफ से भेजा जाएगा। रीवा रोड या मिर्जापुर की तरफ से आकर वाराणसी जाने वाली गाड़ियों को नए पुल से जीटी जवाहर मार्ग, लोकसेवा आयोग होते हुए तेलियरगंज से फाफामऊ, थरवई, सहसों के रास्ते फोरलेन बाइपास से आगे भेजा जाएगा। झूंसी और सरायइनायत से होकर वाराणसी की ओर बड़ी गाड़ियां किसी भी सूरत में नहीं जाने दी जाएंगी क्योंकि संगम से जल लेकर कावंड़िए इसी मार्ग से वाराणसी जाएंगे।