इलाहाबाद (ब्यूरो)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं यूपी इंचार्ज मधुसूदन मिस्त्री नौ जुलाई से प्रदेश के दौरे पर निकल रहे हैं। उनका आखिरी पड़ाव वाराणसी जोन-चार होगा, जहां वह इस जोन के तहत आने वाले जिलों के कांग्रेसियों की क्लास लेंगे। वह 13 जुलाई को वाराणसी में होंगे। उस दिन इलाहाबाद के कांग्रेसियों को वाराणसी तलब कर लिया गया है। इस दौरान वह आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर कांग्रेसियों के साथ चर्चा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
जोन चार में वाराणसी सहित इलाहाबाद, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली एवं जौनपुर जिले आते हैं। इलाहाबाद के कांग्रेसियों के साथ वह 13 जुलाई को वाराणसी में 10.30 से 11.30 बजे तक बैठक करेंगे और जुलाई को वाराणसी से ही वायुयान से दिल्ली लौट जाएंगे। बैठक में वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, एआईसीसी, यूपीसीसी सदस्यों, सांसदों एवं पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों को शामिल होने की अनुमति दी गई है। इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय सीट से किसे टिकट दिया जाएगा, बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा होगी। कई कांग्रेसी यूपी इंचार्ज के समक्ष टिकट के लिए दावा कर सकते हैं ताकि दिल्ली लौटने के बाद राहुल गांधी के समक्ष वह दावेदारों का नाम रख सकें।