इलाहाबाद। बारिश ने शहरियों को बिजली-पानी के लिए जमकर तड़पाया। बुधवार की रात हुई बारिश के बाद शहर के पुराने हिस्से में अंधेरा छा गया। लाखों की आबादी पूरी रात बिना बिजली के उमस में तड़पती रही। सुबह भी बिजली नहीं आई तो पेयजल आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ा। कल्याणीदेवी और कसारी मसारी उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बिजली-पानी की आपूर्ति घंटों ठप रहने से नाराज लोगों ने उपकेंद्रों में हंगामा भी किया।
बुधवार की रात बारिश शुरू होते ही कल्याणी देवी और कसारी मसारी उपकेंद्र की 33 केवी लाइन से आपूर्ति ठप हो गई। इससे कल्याणी देवी, दरियाबाद, ककरहा घाट, गोलपार्क, नेहरू नगर, पटेल नगर, मीरापुर, अतरसुइया, कालिंदीपुरम, झलवा, चकिया, राजरूपपुर, 60 फिट रोड, ओम प्रकाश सभासद मार्ग सहित दर्जनों इलाकों में अंधेरा छा गया। पूरी रात बारिश होने के कारण मरम्मत का काम शुरू नहीं किया सका। सुबह बारिश थमी तो मरम्मत शुरू कराई गई लेकिन इसमें काफी वक्त लगा। सुबह भी बिजली न होने के कारण नलकूप बंद हो गए और प्रभावित इलाकों में पानी की जबर्दस्त किल्लत पैदा हो गई। कल्याणी देवी सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे बिजली आई। कसारी मसारी उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में रहने वालों को भी सुबह दस बजे के बाद ही राहत मिल सकी। बिजली-पानी के लिए तड़प रहे लोगों ने दोनों उपकेंद्रों में हंगामा किया। उधर, बारिश के कारण गऊघाट, सोहबतियाबाग, अलोपीबाग, रामबाग, तेलियरगंज, अल्लापुर, कीडगंज, मुट्ठीगंज, गोविंदपुर, सिविल लाइंस, अशोक नगर, प्रीतम नगर, बम्हरौली, सहित शहर के कुछ अन्य इलाकों में भी पूरी रात बिजली गुल रही। बारिश के कारण हुए लोकल फाल्ट को सुबह दूर किया जा सका और उसके बाद प्रभावित इलाकों में सप्लाई बहाल की जा सकी।