इलाहाबाद। जंक्शन से इंदौर, मुंबई, ग्वालियर, हावड़ा के लिए ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को रेलवे ने तगड़ा झटका दिया है। नई समय-सारिणी में इलाहाबाद जंक्शन की चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को छीन लिया है। रेलवे प्रशासन ने घोषणा कर दी है कि गाड़ी संख्या 12175/12176/12177/12178 हावड़ा-ग्वालियर-मथुरा चंबल एक्सप्रेस, 22911/22912 इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, 13201/13202 राजेंद्र नगर-लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस और 11093/11094 मुंबई सीएसटी-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस को इलाहाबाद जंक्शन नहीं लाया जाएगा। इन ट्रेनों को छिवकी से ही मोड़ दिया जाएगा। हालांकि, अभी इसकी तिथि घोषित नहीं की गई है लेकिन एक जुलाई से लागू होने जा रही नई समय-सारिणी में इसे शामिल कर दिया गया है। सो, अब इसमें फेरबदल होने की संभावना नहीं है।
पिछले सालभर से रेलवे चारों ट्रेनों को छिवकी से चलाने का प्रयास कर रहा था। महाकुंभ के ठीक बाद रेलवे बोर्ड ने भी इसके लिए हरी झंडी दिखा दी। अब नई समय-सारिणी में इसे शामिल कर दिया गया है। हालांकि, रेलवे ने अभी यह घोषणा नहीं की है कि चारों ट्रेनों का डाइवर्जन किस तिथि से लागू किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि अगस्त या सितंबर से ट्रेनों को छिवकी से मोड़ा जा सकता है। फिलहाल, रेलवे के इस प्रयास से जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वालों को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। वजह, जंक्शन से इंदौर के लिए इकलौती क्षिप्रा एक्सप्रेस ट्रेन है। तमाम ट्रेनों के चलने के बाद भी महानगरी एक्सप्रेस यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई है। हावड़ा के लिए जंक्शन के यात्रियों में चंबल एक्सप्रेस लोकप्रिय है। यही हाल मानिकपुर, शंकरगढ़, जसरा समेत कई छोटे स्टेशनों से इलाहाबाद आने के लिए जनता एक्सप्रेस का है।
इलाहाबाद से नई दिल्ली के बीच चलने वाली गाड़ी 12275/12276 दूरंतो एक्सप्रेस के दिनों में सितंबर से बदलाव होने जा रहा है। अभी यह गाड़ी इलाहाबाद से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को छूटती है। छह सितंबर से यह शनिवार के स्थान पर रविवार को चलेगी। इससे दिल्ली जाने वालों की सुविधा बढ़ेगी। इसी तरह नई दिल्ली से बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलती है। सात सितंबर से यह गाड़ी रविवार की जगह सोमवार को चलेगी। इसके साथ ही हावड़ा-नई दिल्ली युवा एक्सप्रेस के दिन और समय में भी फेरबदल किया गया है। इससे ट्रेन के इलाहाबाद पहुंचने का समय भी बदल सकता है।
नई समय-सारिणी में छिवकी और जंक्शन पर दो-दो ट्रेनें बढ़ने जा रही हैं। छिवकी के रास्ते गाड़ी संख्या 22351/22352 पाटलिपुत्र-यशवंतपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस और 15117/15118 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी। इलाहाबाद जंक्शन से गाड़ी 22805/22806 भुवनेश्वर-नई दिल्ली एक्सप्रेस साप्ताहिक और 22683/22684 यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस चलेगी। लखनऊ जाने के लिए यह गाड़ी जंक्शन पर बुधवार को दोपहर 12.45 बजे मिलेगी और शाम 6.55 बजे लखनऊ पहुंचा देगी। लखनऊ से शनिवार की शाम 5.25 बजे छूटकर रात 12.20 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचाएगी।