इलाहाबाद। साउथ मलाका स्थित आजाद नगर के सैकड़ों घरों में लोग बालू युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। यह समस्या अभी दूर भी नहीं हुई थी कि अब लो प्रेशर के कारण संकट खड़ा हो गया है। यहां लगे तीन हैंडपंप भी जवाब दे चुके हैं। पखवारे भर से समस्या झेल रहे लोगों को पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है।
आजाद नगर मोहल्ले में पानी की आपूर्ति मोहित्समगंज में मिनी ट्यूबवेल से होती है। तकरीबन पांच हजार की आबादी को इस ट्यूबवेल के अलावा खुसरोबाग स्थित प्लांट से भी पानी मिलता था लेकिन अब खुसरोबाग से आपूर्ति बंद कर दी गई है। दूसरी ओर ट्यूबवेल की क्षमता घटने से यहां पानी का प्रेशर भी काफी कम हो गया है। ऐेसे में जिनके घर ट्यूबवेल के पास हैं, उन्हें तो पानी मिल जा रहा है लेकिन दो-चार सौ मीटर दूर के घरों में पानी मुश्किल से पहुंच पा रहा है। अरविंद प्रेस के पीछे वाली गली में समस्या ज्यादा है। कई घरों में दो से तीन घंटे तक पंप चलाने के बाद ही पानी मुश्किल से पहुंच रहा है।
भाजपा वार्ड अध्यक्ष आशू पंडित और समाजसेवी सर्वजीत सिन्हा का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर जलकल विभाग से कई दफे शिकायत की गई। पानी से निकल रही बालू के बारे में भी बताया गया। उनका कहना है कि प्रेशर ठीक कर साउथ मलाका पार्क में बने ओवर हेड टैंक से आपूर्ति शुरू की जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। जलकल विभाग के अभियंता पीके सिंह का कहना है कि ट्यूबवेल की मोटर की रिपेयरिंग की जानी है लेकिन वहां नाले की सिल्ट पड़ी होने के कारण काम नहीं शुरू हो पा रहा है।