इलाहाबाद। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो शहरियों की अपने आशियाने का सपना जल्द पूरा होगा और उनकी आवास की समस्या जल्द दूर हो जाएगी। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) शहरियों को बड़े पैमाने पर फ्लैट और नई आवासीय योजना उपलब्ध कराने जा रहा है। शनिवार को एडीए बोर्ड की बैठक में इस पर सहमति बन गई। इसके साथ ही शहर के विकास के लिए भी लंबी चौड़ी योजना के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।
एडीए अध्यक्ष कमिश्नर देवेश चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में पुरानी आवासीय योजनाओं में खाली पड़ी जमीनों पर ग्रुप हाउसिंग बनाने का फैसला हुआ। इसके साथ ही डीएम राजशेखर की सहमति से नई आवासीय योजनाओं के लिए शहर के बाहरी इलाकों में कास्तकारों से समझौते के आधार पर जमीन खरीदने का प्रस्ताव भी स्वीकार कर लिया गया। कौशाम्बी के 32 गांवों को डि-नोटिफिकेशन से मुक्त कराके फिर से एडीए की सीमा में शामिल करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। अब एडीए यहां खुले बड़े-बड़े शिक्षण संस्थानों पर शमन की कार्रवाई करेगा। इससे एडीए की आय में इजाफा होगा।
बैठक में एडीए उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि चौक घंटाघर स्थित व्यावसायिक केंद्र के तीसरे तल पर खाली पड़ी 77 दुकानों के लिए आवंटन के लिए पहले उन्हें ऑफर दिया जाएगा, रोड पटरी पर जिनकी दुकानें पिछले दिनों ध्वस्त की गई हैं। तय हुआ कि नोटिस के जरिए ऐसे लोगों को एक माह का समय दिया जाएगा, न आने पर लाटरी के माध्यम से सभी दुकानें एकमुश्त आवंटित कर दी जाएंगी। इसके साथ एडीए कर्मियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, खराब हो चुके वाहनों के बदले नए वाहन खरीदने, अर्टलांटिस मॉल की बढ़ी ऊंचाई के संबंध में फायर विभाग से नए मानकों के तहत एनओसी लेने पर भी सहमति बनी। बैठक में सचिव अमरनाथ उपाध्याय, आवास विकास विभाग, नगर निगम, जल निगम सहित एडीए के अन्य अफसर मौजूद थे।
इस योजना के गोकुल एवं नंदग्राम सेक्टर में 16000 वर्गमीटर तथा द्वारिका एक सेक्टर में 13591 वर्गमीटर रिक्त भूमि पर ग्रुप हाउसिंग बनेगी। इसमें कुल 760 फ्लैट का निर्माण होगा। गोकुल एवं नंदग्राम सेक्टर में एमआईजी एवं एचआईजी श्रेणी के 280 फ्लैट, जबकि द्वारिका सेक्टर में एफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग के तहत गरीबों के लिए ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी श्रेणी के 480 फ्लैट बनेंगेे। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट की कीमत चार लाख रुपये और इसके लिए ऐसे लोग पात्र होंगे जिनकी सालाना आया एक लाख रुपये होगी, जबकि एलआईजी श्रेणी के फ्लैट की कीमत छह लाख रुपये निर्धारित की गई और इसके लिए वही लोग आवेदन कर सकेंगे जिनकी सालाना आय दो लाख रुपये होगी। फ्लैट की किस्त का भुगतान 15 वर्ष में करना होगा। शर्त यह होगी कि आवंटी दस वर्ष से पहले फ्लैट बेच नहीं सकेगा।
इस योजना में आक्सीडेशन पॉंड के लिए 6481 वर्गमीटर जमीन प्रस्तावित भी लेकिन उसकी आवश्यकता खत्म होने के बाद एडीए ने यहां अलनंदा नाम से ग्रुप हाउसिंग की तैयारी की। इसमें कुल 144 फ्लैट बनाएंगें, जिसमें टू बीएचके के 40 फ्लैट, टू बीएचके स्टडी के साथ 20 फ्लैट, थ्री बीएचके के 80 फ्लैट तथा चार पेंट हाउस बनाए जाएंगे।
फाफामऊ में शांतिपुरम आवास योजना के सेक्टर एफ के समीप रेलवे क्रासिंग के पास खाली पड़ी जमीन पर ग्रुप हाउसिंग बनाएगा। यहां आराजी संख्या 206, 207, 208 एवं 210 भूमि का कुछ हिस्सा अर्जित है,जबकि शेष ग्राम समाज की भूमि है। तय हुआ कि एक कमेटी का गठन कर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। इसके बाद आगे निर्णय लिया जाए।
एडीए ने नैनी में नई आवासीय योजना शुरू करने की तैयारी की है। यहां जिला उद्योग केंद्र एवं यूपीएसआईडीसी की 16 ग्रामों में 150 एकड़ में से पहले चरण में 50 एकड़ जमीन डीएम के माध्यम से एडीए के पक्ष में हस्तांतरित करने पर सहमति बनी।
एडीए ने इलाहाबाद-लखनऊ रोड पर ग्राम महरूडीह उर्फ शिवपुर में नई आवासीय योजना प्रस्तावित की है। एडीए यहां कास्तकारों से आपसी समझौते के आधार पर 25 एकड़ जमीन खरीद कर इंटीग्रेटेड टाउनशिप तैयार करेगा।
फूलपुर, पीपल गांव में खरीदी
एडीए फूलपुर एवं पीपल गांव में 25-25 एकड़ जमीन कास्तकारों से समझौते के आधार पर खरीदेगा। पहले योजना बनाई गई थी कि झूंसी से लगे तहसील फूलपुर में शेरडीह से हेतापट्टी मार्ग के उत्तर एवं दक्षिण में तथा पीपल गांव में 500-500 एकड़ जमीन ली जाएगी लेकिन बोर्ड बैठक में तय हुआ कि फिलहाल दोनों स्थानों पर 25-25 एकड़ जमीन खरीदी जाए।
अरैल में तकरीबन 12 वर्ष पहले बने त्रिवेणी पुष्प का विकास कराया जाएगा। इसका निर्माण 8.5 एकड़ भूमि पर कराया गया है। पर्यटन की दृष्टि से यहां वॉटरबाडी एवं बच्चों के लिए बोटिंग की व्यवस्था, मनोरंजन पार्क, क्राफ्ट बाजार, व्यायामशाला, ध्यान केंद्र एवं सूचना केंद्र बनाया जाएगा।
एडीए बोर्ड बैठक ने महात्मा गांधी मार्ग, जीटी रोड, थार्नहिल रोड और कमला नेहरू रोड को मॉडल सड़क के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। इसमें एडीए के साथ पीडब्ल्यूडी और नगर निगम भी कार्य कराएगा। एमजी मार्ग के लिए 24 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसमें सुगम सर्विस रोड, लैंड स्केप, पब्लिक टॉयलेट, एम्फी थियेटर, पर्यटक सूचना केंद्र, पुलिस चेक पोस्ट, फुटपाथ, भूमिगत विद्युतीकरण आदि कार्य शामिल हैं। जीटी रोड पर धोबीघाट से फ्लाईओवर तक मार्ग का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस पर फुटपाथ, लैड स्केपिंग, रोड साइड पार्किंग, बालसन चौराहा का सौंदर्यीकरण एवं अन्य अवस्थापना सुविधाएं शामिल हैं। इस कार्य पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ थार्नहिल रोड और कमला नेहरू रोड को भी मॉडल सड़क बनाया जाएगा।
इलाहाबाद। एडीए बोर्ड की बैठक में तय हुआ कि अब अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण में सिर्फ क्षेत्रीय जोनल अधिकारी (जेडओ) के बजाए सभी जेडओ शामिल होंगे। उनके साथ सभी अभियंता और प्रवर्तन दल भी जाएगी। उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण की सूची तैयार है और कार्रवाई अगले सप्ताह से शुरू होगी। अभियान एक-एक क्षेत्र में चलाया जाए, जिसमें एडीए की पूरी टीम शामिल होगी। इसकी शुरुआत कालिंदीपुरम से होगी। इसके साथ मजिस्ट्रेट, सीओ और पुलिस भी टीम का हिस्सा होगी। उन्होंने अवैध निर्माण करने वालों से स्वयं अवैध हिस्सा गिराने की अपील की। वर्ना एडीए के कार्रवाई करने पर उस पर होने वाला व्यय भी निर्माणकर्ता से वसूला जाएगा। बताया कि अवैध निर्माण के जिम्मेदारी कर्मियों को भी नहीं बख्शा जाएगा। इसी क्रम में कालिंदीपुरम के भवन निरीक्षक कुंवर आनंद को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सहायक अभियंता एमबी सिंह के खिलाफ आरोप पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए शासन को भेजा गया है।