फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंट एंथोनी के सामने छेड़खानी पर बवाल

Sat, 02 Feb 2013 05:30 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। सेंट एंथोनी के सामने छेड़खानी को लेकर शुक्रवार का जमकर बवाल हुआ। कक्षा ग्यारह में पढ़ने वाली एक छात्रा छेड़छाड़ पर पड़ोसी छात्र से उलझ गई। बात बढ़ी तो कई छात्राओं ने मिलकर छात्र की स्कूटी में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद छात्रा ने अपने भाई को फोन कर बुला लिया। उधर छात्र ने दोस्तों को फोन कर दिया। कालेज के बाहर ही दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे को दौड़ाकर पीटा गया। छात्र के पक्ष में आए युवकों ने एक कार में तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में छात्रा का भाई और उसका दोस्त जख्मी हो गए। काफी देर चले बवाल को जार्जटाउन पुलिस ने पहुंच शांत कराया। बाद में दोनों पक्ष थाने में जमा हो गए। छात्रा के घरवालों ने आरोपी छात्र के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन

सिविल लाइंस में कान्हा श्याम होटल के सामने रहने वाली मंजुला (बदला हुआ नाम) सेंट एंथोनी में कक्षा ग्यारह में पढ़ती है। उसके पिता विकास भवन में हैं। पड़ोस में ही रहने वाला आशु बीएचएस में कक्षा 11 का छात्र है। मंजुला के घरवालों का आरोप है कि आशु उसे तीन साल से परेशान कर रहा था। शुक्रवार को मंजुला कालेज से निकली तो आशु से उसकी कहासुनी हो गई। मंजुला के साथ तीन लड़कियां और थीं। गुस्से में छात्रा ने आशु की स्कूटी की सीट फाड़ दी, फिर स्कूटी गिराकर उसमें तोड़फोड़ की। मंजुला ने फोन कर अपने भाई को खबर की। छात्रा का भाई अपने एक दोस्त के साथ फोर्ड कार से पहुंचा। उधर, आशु ने भी फोन कर अपने दोस्तों को बुला लिया। कालेज के सामने युवकों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। आशु के दोस्तों ने छात्रा के भाई और उसके दोस्त को पीट दिया। कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। मारपीट के बाद पत्थर फेंका गया। आरोप है कि आशु के पक्ष में हास्टल के छात्र पहुंचे और जमकर बवाल किया। खबर पाकर एसओ जार्जटाउन महेन्द्र वर्मा पहुंच गए। पुलिस ने आशु को पकड़ लिया। छात्रा के भाई और दोस्त को भी थाने ले जाया गया। थाने में भी दोनों पक्षों ने आरोप लगाए। छात्रा के घरवालों ने आरोपी छात्र और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसओ जार्जटाउन केमुताबिक दोनों पक्ष आरोप लगा रहे हैं। छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बवाल के बाद थाने पहुंची छात्र की मां ने दूसरे पक्ष पर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मंजुला और आशु बचपन के दोस्त हैं। आशु के पिता की मौत हो चुकी है। उसके बाद से ही छात्रा के घरवाले दबाव बनाते रहे हैं। वह कहते हैं कि आशु छत पर न जाए, घर से न निकले, इससे पहले भी शक के आधार पर कई बार बवाल हुआ है। इसी वजह से सेंट जोसेफ से नाम कटाकर बीएचएस में लिखाया गया। उनका कहना है कि आशु छोटा है, ऐसे में मुकदमा नहीं दर्ज कराया जाना चाहिए।
विज्ञापन

छात्रा के घरवालों ने आशु पर कई गंभीर आरोप लगाए। कहा, तीन साल से छात्रा का जीना दुश्वार कर रखा है। घर के सामने हूटर बजाकर जाता है। गाड़ियों को नुकसान पहुंचा चुका है। जबरन गिफ्ट देने की कोशिश करता है। हॉस्टल के लड़कों को लाकर गुंडई करता है। इससे पहले सिविल लाइंस थाने में समझौता हुआ लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। घरवालों ने ये भी आरोप लगाए कि आशु स्कूल नहीं जाता, बस दो तीन स्कूलों की ड्रेस पहनकर घूमता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें