महाकुंभ नगर (इलाहाबाद)। संगम किनारे जुटे संत समाज में से भी ज्यादातर ने वेलेंटाइन डे का विरोध किया है और संत आसाराम बापू के मातृ-पितृ पूजन दिवस पर मुहर लगा दी है। आसाराम के सत्संग शिविर के समापन मौके पर हुई संत सभा में जुटे महंतों ने वेलेंटाइन दिवस को अपसंस्कृति करार दिया। कहा कि युवक-युवतियां वेलेंटाइन दिवस मनाकर भारतीय संस्कृति पर चोट कर रहे हैं। संतों ने केंद्र तथा राज्य सरकार से अनुरोध किया कि वे वेलेंटाइन दिवस पर रोक लगाएं और 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस के रूप में मनाने का ऐलान करें।
सेक्टर छह में चल रहे आसाराम बापू के चार दिवसीय सत्संग कार्यक्रम का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। इस दौरान संत सभा का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी महेश्वरानंद, जूना अखाड़े के अर्जुन पुरी महाराज, प्रज्ञा पीठाधीश्वर प्रज्ञानंद महाराज आदि संत उपस्थित रहे। अर्जुन पुरी ने घोषणा की कि जूना अखाड़े के सभी संत और श्रद्धालु 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस के रूप में मनाएंगे। प्रज्ञानंद ने देश के युवाओं का आह्वान किया कि सभी ऐसा ही करें। महेशानंद ने कहा कि मातृ-पितृ पूजन दिवस संत आसाराम की अमूल्य भेंट है। संत आसाराम बापू ने सभा में दोहराया कि वेलेंटाइन दिवस युवक-युवतियों को पतन की ओर ले जा रहा है, इससे बचना चाहिए।
00
संत आसाराम ने दिया दीक्षा मंत्र
कुंभनगर, इलाहाबाद। सत्संग स्थल पर बृहस्पतिवार को दूरदराज से आए हजारों भक्तों को संत आसाराम बापू ने दीक्षा दी। इस दौरान बच्चों को बुद्धि, स्मरण शक्ति बढ़ाने हेतु सारस्वत मंत्र की दीक्षा दी तथा बड़ों को गुरुमंत्र की दीक्षा दी। उन्होंने इस सत्र में एक आशीर्वाद मंत्र भी दिया, जिसके जप से गृहकलह दूर होने से रोगों से शरीर की रक्षा होती है। संत ने थल बस्ती नामक एक विशेष यौगिक क्रिया भी सिखाई। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या और शिवरात्रि पर्व पर प्रयाग में मौजूद रहने की कोशिश करेंगे।
00
कुंभनगरी में होगी होली
संत आसाराम बापू के शिविर में शिवरात्रि पर बरसेगा रंग
लगेंगी 2-3 बड़ी पिचकारियां, बौछार में झूमेंगे भक्त
कुंभनगर, इलाहाबाद। कुंभनगरी में जमकर होली खेली जाएगी। भक्ति संगीत बजेगा और रंगों की बौछार में श्रद्धालु खूब झूमेंगे। सेक्टर छह में संत आसाराम बापू के शिविर में शिवरात्रि पर प्राकृतिक रंगों की होली खेली जाएगी। इसके लिए मंच के पास 2-3 बड़ी-बड़ी पिचकारियां लगाई जाएंगी और रंगों की बौछार में भक्त बापू संग थिरकेंगे।