इलाहाबाद। उत्तर मध्यक्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र का प्रेक्षागृह और परिसर शनिवार को प्रतिभाओं से भरा रहा। मंच पर विविधतापूर्ण नृत्य प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताएं हुईं तो परिसर में भी कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वाद से लेकर रंग तक की दुनिया ऐेसी निराली रही कि हर कोई पूरे समय तक मुग्ध होकर जुटा, डटा रहा।
‘अमर उजाला’ के रूपांतरण महिला मंच की ओर से आयोजित डालडा सुपर कुक प्रतियोगिता में विजेताओं को तो जैसे मन की मुराद मिल गई। जिनकी झोली में जीत नहीं आई, उन्हें ढेर सारा अनुभव और आनंद मिला। शनिवार की शाम फुल टाइम इंटरटेनमेंट और अनलिमिटेड मस्ती के साथ रुपांतरण क्लब की सदस्यों के नाम समर्पित रही। कुकरी प्रतियोगिता तो कमाल की रही। कई बड़ी पार्टियों की तरह-तरह की डिशेज से इतर यहां पचास से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपनी खास डिशेज के साथ शेफ को हैरत में डाल दिया।
स्वाद और मनोरंजन का संगम सभी को पूरे समय तक बांधे रखने में सफल रहा। आयोजन की खूबी यह रही कि हर कोई किसी न किसी रूप में सहभागी बना। ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने दिल की बात मंच पर कहने का मौका मिला। रूपांतरण परिवार की सदस्यों ने एक दूसरे से खुशियां साझा कीं तो कई सदस्यों ने अरसे बाद मंच पर प्रस्तुतियां देकर अपने मन की मुराद पूरी कर ‘अमर उजाला’ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
निर्णायकों ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा करने के बाद उन्हें ‘अमर उजाला’ की ओर से आकर्षक उपहारों से नवाजा। आरंभ में सभी अतिथियों ने दीप जलाकर और सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। ‘अमर उजाला’ की ओर से बुके देकर अतिथियों और निर्णायकों का स्वागत और उपहार देकर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मंच की सदस्यों ने मौजूदगी दर्ज कराई।