इलाहाबाद। अल्लापुर से शुरुआत के बाद शनिवार को सिविल लाइंस में रामदल की धूम रही। सिविल लाइंस रामलीला समिति की ओर से धूमधाम से निकले रामदल में हाथी पर रखे चांदी के हौदे पर सवार होकर राम और लक्ष्मण चले तो छत्र और चंवर डुलाते हुए सेवक भी संग रहे। इससे पहले हाईकोर्ट हनुमान मंदिर पर पुजारी अखिलेश मिश्र की ओर से परंपरागत रूप से भगवान राम का आरती पूजन किया गया।
दल में शामिल दर्जन भर चौकियां लुभावनी रहीं। ताड़का वध, शिव दरबार, कान्हा लीला, परशुराम लक्ष्मण संवाद सहित चौकियों से गंगा प्रदूषण मुक्ति का संदेश भी दिया गया। दशहरा उत्सव के दौरान हाईकोर्ट हनुमान मंदिर, पत्थर गिरजाघर से लेकर लोहिया चौराहे तक सिविल लाइंस रंगीन रोशनी में डूबा रहा। सुभाष प्रतिमा स्थल को झालरों से सजाया गया था। लाउडस्पीकरों से भी नए-पुराने गीतों की प्रतियोगिता जारी रही।
सिविल लाइंस में बने मंच से दल और चौकियों को नियंत्रित किया जाता रहा।
मंदिर से रवाना दल सुभाष चौराहा, महात्मा गांधी मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से होकर लोहिया प्रतिमा के पास पहुंचकर समाप्त हुआ। आधी रात के बाद तक पूरा सिविल लाइंस क्षेत्र जगमग रोशनी में डूबा रहा। आरंभ में सिविल लाइंस सुभाष चौराहा पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंडलायुक्त देवेश चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित अग्रवाल ने आरती, पूजन करके मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में संयोजक विनोद चंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।