फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएम साहब! इस गड्ढे में तो गिर जाएंगी बच्चियां

Fri, 06 Jul 2012 12:00 PM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम के पास धंस गई मुख्य सड़क
विज्ञापन

सिविल लाइंस में तीन जगह बीच में धंसी सड़कें
सड़कों पर खुदे गड्ढों से बढ़ी दुर्घटनाएं
करेली, अल्लापुर में हो चुके हैं जानलेवा गड्ढे
इलाहाबाद। सड़क चौड़ीकरण, सीवर लाइनों के लिए खोदे गए गड्ढे अब जानलेवा हो गए हैं। शहर में जिस भी सड़क पर निकलिए, दो-चार गहरे गड्ढे खुदे पड़े हैं। सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज के सामने खुदे गड्ढे में दो दिनों में तीन छात्राएं गिरकर जख्मी हो चुकी हैं। विद्यालय गेट के ठीक सामने बड़े गड्ढे में पानी भरा है। आने जाने का रास्ता काफी कम है जिसके कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। केवल सेंट एंथोनी कालेज ही नहीं, सिविल लाइंस में एमजी मार्ग, एसपी मार्ग, अल्लापुर, करेली, तेलियरगंज में कई जगह मुख्य मार्ग पर गड्ढे बन गए हैं।
बालसन चौराहे के पास मुख्य मार्ग पर गड्ढे में फंसा ट्रक तो निकल गया लेकिन आठ फिट गहरे गड्ढे में अब तक मिट्टी नहीं डाली गई। बीच सड़क पर हुई खुदाई के कारण किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। सिविल लाइंस में पत्थर गिरिजाघर के पास बुधवार की शाम को पांच फिट लंबाई में सड़क धंस गई। मुख्य सड़क से सटा होने के कारण रात में कई लोग इसमें गिरते-गिरते बचे।
विज्ञापन


घायल कर रहीं रोड पटरियां
सड़क चौड़ीकरण के लिए कई सड़कों की पटरियों को खोदकर छोड़ दिया गया है। गिट्टी न भरने के कारण यह गड्ढे अब राहगीरों पर भारी पड़ने लगे हैं। कानपुर रोड पर एकलव्य चौराहे से लेकर अलोपीबाग रेलवे ओवरब्रिज तक कई स्थानों पर सड़क के किनारे एक से डेढ़ फिट तक गहरे गड्ढे खुदे हैं। पिछले दो दिनों में ही जीटी रोड पर पांच लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। प्राइमरी शिक्षक गिरीशंकर पाठक का पैर टूट गया तो स्वास्थ्यकर्मी जयंती प्रसाद की कोहनी में फ्रैक्चर हो गया।

करेली में पैदल चलना भी मुश्किल
करेली में मस्तान मार्केट चौराहा पर कई दिनों से गहरा गड्ढा खुदा हुआ है। इससे राहगीरों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मस्तान मार्केट से लेकर गौस नगर तक सड़क भी खुदी हुई है। मरम्मत न होने के कारण इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। बिजली घर चौराहे पर चार फिट गहरा गड्ढा खुला छोड़ दिया गया है।

तेलियरगंज में गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल
तेलियरगंज मुख्य मार्ग पर मिट्टी धंसने से गहरा गड्ढा हो गया है। सड़क आधी बनी, आधी खुदी हुई है। रात में मिट्टी में बना गड्ढा नजर नहीं आता। बृहस्पतिवार शाम को जब रिमझिम शुरू हुई तो जल्दबाजी में एक मोटरसाइकिल सवार इस गड्ढे में फंस पलट गया। पीछे बैठी महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं। दुकानदारों का कहना है कि वहां पिछले तीन चार दिनों में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बारिश के साथ दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
विज्ञापन


मधवापुर में घर से निकलना मुश्किल
मधवापुर में डॉट पुल से आगे एक तरफ पूरा रास्ता खुदा हुआ है। सड़क बनाने को गिट्टी के ढेर लगे हैं। नतीजा है कि वहां से पैदल निकलना भी मुश्किल है। डिवाइडर के एक तरफ आलम यह है कि लोग घरों में कैद से हो गए हैं। गिट्टी के ढेर और बड़े बड़े गड्ढों के कारण लोगों को दो किलोमीटर घूमकर दूसरी तरफ से निकलना पड़ रहा है। पीछे अलोपीबाग में खुदाई के कारण वहां से भी निकलने में दिक्कत हो रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें