बरेली के लिए खास
00000000000000000000
बांग्लादेशी लड़के और भारतीय
लड़की को सुरक्षा देने का आदेश
0 हाईकोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार से जवाब तलब किया
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बांग्लादेशी युवक से प्रेम विवाह करने वाली भारतीय लड़की ने परिवार वालों से खतरा जताते हुए कोर्ट से सुरक्षा की गुहार लगाई है। अदालत ने नवविवाहित दंपति को सुरक्षा देने का निर्देश दिया है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से जवाब भी मांगा है। कोर्ट ने जानना चाहा है कि शादी करने भारत आए बांग्लादेशी नागरिक सुहैल के पास वैध वीजा है अथवा नहीं। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति एमसी त्रिपाठी कर रहे हैं।
पीलीभीत की निशा सिंह की मुलाकात नार्वे के एक होटल में काम करने वाले सुहैल से हुई थी। सुहैल वहां होटल एल्विया में वेटर का काम करता था। निशा अपनी आंटी से मिलने नार्वे गई थी। वहीं दोनों में प्यार हो गया। सात जनवरी को निशा और सुहैल ने भारत आकर निकाह कर लिया। निकाह से पहले निशा अपना धर्म बदलकर नवी जान बन गई। इस विवाह से निशा के परिवार वाले खुश नहीं हैं, वह उसे धमका रहेे हैं। उसने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सुरक्षा देने की मांग की है। केंद्र सरकार के अधिवक्ता राजेश त्रिपाठी ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि सुहैल ने अपना वीजा नहीं लगाया है। वह भारत में अवैध रूप से आया है। विवाह संबंधी प्रमाणपत्र में भी कई खामियां हैं। कोर्ट ने कहा कि इन मुद्दों पर सरकार का जवाब आने के बाद विचार किया जाएगा। फिलहाल, सरकार दोनों की सुरक्षा का इंतजाम करे।