मनोहर दास क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में मंगलवार को हिम्मतगंज निवासी स्वर्गीय डॉ. एच चटर्जी की आंखों से दो लोगों ने पहली बार दुनिया देखी। पति डॉ. चटर्जी के नेत्रदान संकल्प को उनकी पत्नी वंदना चटर्जी ने पूरा किया। निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने टीम सदस्यों के साथ कॉर्निया प्रत्यारोपण कर दो नेत्रहीनों को नेत्र ज्योति प्रदान की।
डॉ. एच चटर्जी का निधन सोमवार को हुआ। उनकी पत्नी वंदना ने एमडीआई के आई बैंक को इसकी सूचना दी। निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने डॉ. स्वर्णिमा अग्रहरी और डॉ. जितेंद्र सिंह को चिकित्सकों की टीम संग तत्काल डॉ. चटर्जी के हिम्मतगंज आवास पर भेजा। कॉर्निया प्राप्त होने बाद दो जरूरतमंद नेत्रहीनों को अस्पताल बुलाया गया। उनका वैज्ञानिक परीक्षण करने के बाद मंगलवार को कॉर्निया प्रत्यारोपण कर दोनों को नेत्र ज्योति प्रदान की गई। वे अब पहली बार दुनिया देख रहे हैैं। डॉ. सिंह इससे पहले भी कॉर्निया प्रत्यारोपण कर कई नेत्रहीनों को नेत्र ज्योति प्रदान कर चुके हैं। डॉ. एसपी सिंह इस चिकित्सालय में कई नेत्रहीन मरीजों को नेत्र प्रत्यारोपण आपरेशन कर नेत्र ज्योति प्रदान कर चुके हैं, जो इस संसार को देख रहे हैं। बताया कि एमडीआई में आई बैंक 24 घंटे सेवा के लिए तत्पर है। नेत्रदान के लिए आई बैंक के टेलीफोन नंबर 09451762902 एवं 09807477789 पर संपर्क किया जा सकता है ।