कुंभ से जुड़े कार्यों को देखने आ रहे रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा
जंक्शन पर ही अफसरों से मिलने का कार्यक्रम, सुबह प्रयागराज एक्सप्रेस से होगा आगमन
प्रयागराज। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा रविवार की सुबह प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां कुंभ के मद्देनजर किए जा रहे कार्यों का जायजा वह लेंगे। इसके अलावा कुछ स्थानीय कार्यक्रमों में भी वे शिरकत करेंगे। रेल राज्यमंत्री सुबह प्रयागराज एक्सप्रेस से पहुंचेंगे। जंक्शन पर ही उनका उत्तर मध्य रेलवे के जीएम राजीव चौधरी और डीआरएम अमिताभ से मिलने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे इलाहाबाद जंक्शन पर कुंभ के मद्देनजर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
जंक्शन पर कुंभ के मद्देनजर स्कॉई वॉक, यात्री बाड़ा, एक नए प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज आदि का निर्माण चल रहा है। जंक्शन से ही वे नैनी जाएंगे। नैनी से वापस आने के बाद सिविल लाइंस प्रयाग संगीत समिति में एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम को कालका मेल से उनके वापस जाने का कार्यक्रम है। रेल राज्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शनिवार को जंक्शन पर दिन भर साफ सफाई चलती रही। मंडल के तमाम अफसर भी कुंभ के कार्यों का जायजा लेने के लिए जंक्शन पहुंचे।