कुंभ कार्यों को समय से पूरा करने की हिदायत
0 रेल राज्यमंत्री ने स्टेशन गेस्ट हाउस में ही जीएम और डीआएम ली जानकारी
0 डिप्टी सीएम के घर जाकर दी सांत्वना, डीआरएम संग विंध्याचल हुए रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के महाप्रबंधक राजीव चौधरी और इलाहाबाद के डीआरएम अमिताभ से कहा कि कुंभ मेले से जुड़े सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कार्यों की मॉनीटरिंग करने की भी बात कही। कहा कि अगली बार इलाहाबाद आने पर कुंभ से जुड़े कार्यों का वह जायजा लेंगे। बताया जा रहा है कि मनोज सिन्हा रविवार 28 अक्तूबर को फिर इलाहाबाद आ सकते हैं।
बुधवार की देर रात दानापुर-उधना एक्सप्रेस से इलाहाबाद पहुंचे मनोेज सिन्हा रातभर अपने सैलून में ही रहे। सुबह सात बजे डीआरएम इलाहाबाद उनकी अगुवाई के लिए जंक्शन पहुंचे। इसके बाद वह उन्हें रेलवे के गेस्ट हाउस ले गए। वहां जीएम एनसीआर राजीव चौधरी से मनोज सिन्हा ने कुंभ से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। यहां जंक्शन, छिवकी, नैनी, सूबेदारगंज, प्रयाग, प्रयागघाट आदि स्टेशनों पर किए जा रहे कार्यों का ब्योरा उनके समक्ष रखा गया। अफसरों ने रेल राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि 30 नवंबर तक कुंभ से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएंगे। जीएम से मुलाकात के बाद रेल राज्यमंत्री सड़क मार्ग से सिराथू के लिए रवाना हो गए। वहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देने के बाद वह लौट आए। सिविल लाइंस में आकाशवाणी के पास वह अपने एक रिश्तेदार आरएन सिंह के घर भाजपा नेता भानु प्रताप सिंह, विशाल सिंह, कृष्ण बिहारी, रिंकू राय आदि के साथ गए। दिन में डेढ़ बजे के आसपास वह जंक्शन पहुंचे। यहां डीआरएम अमिताभ के साथ पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति से विंध्याचल के लिए रवाना हो गए।