सौ करोड़ रुपये से संवरेगा बम्हरौली और आसपास का इलाका
प्रशासनिक अफसरों के साथ सिद्धार्थ नाथ सिंह ने लगाई चौपाल
15 अगस्त को लांच होगी आयुष्मान भारत योजना, 30 अप्रैल को लगेगा कैंप
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
बम्हरौली और उसके आसपास के क्षेत्र का सौ करोड़ रुपये की लागत से विकास होगा। कुंभ के पूर्व यहां कई योजनाओं पर काम होगा। यहां लोगों के घरों तक पीने का पानी पाइप लाइन के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। लोगों को बिजली कनेक्शन देने के साथ शौचालयों का भी निर्माण कराया जाएगा। रविवार को यह बातें सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्राथमिक विद्यालय बम्हरौली उपहार में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में कही। यहां स्थानीय लोगों की समस्याओं से भी अवगत हुए। साथ ही मौके पर मौजूद अफसरों से जल्द से जल्द समस्याओं का निवारण करने का निर्देश दिया।
चौपाल में सिद्धार्थ नाथ ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का भी जिक्र किया। कहा कि इस योजना का कैंप 30 अप्रैल को लगाया जाएगा, जबकि योजना 15 अगस्त को लांच की जा सकती है। इसमें लोगों को हेल्थ कार्ड बीमा दिया जाएगा। इसके तहत पांच लाख रुपये तक सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में फ्री में इलाज लोग करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भगवतपुर में 100 बेड का हास्पिटल खोले जाने की भी प्रक्रिया चल रही है। बिजली की समस्या को दूर करने के लिए सब स्टेशन की भी स्थापना की जा रही है। चौपाल में 235 शिकायती पत्र आए। साफ-सफाई, विद्युत कटौती आदि के शिकायती पत्र चौपाल में ज्यादा आए। इसके पूर्व प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में उन्होंने पौधरोपण भी किया। यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण किया। सूचना विभाग की ओर से सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य भी वितरित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सुहास एलवाई, सीडीओ सैमुअल पाल एन, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, चंद्र भूषणधर दुबे, सुनील श्रीवास्तव, दिनेश तिवारी, कमलेश कुमार, राजेश सिंह, प्र्रेम नारायण केसरवानी आदि मौजूद रहे।