क्रियायोग से वाकिफ हुईं आर्यकन्या की छात्राएं, शिक्षक
ध्यान से शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक विकास के बारे में दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
आर्यकन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं एवं शिक्षिकाएं मंगलवार को क्रिया योग से वाकिफ हुईं। क्रियायोग विशेषज्ञ डॉ.राधा सत्यम ने ध्यान के माध्यम से शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक विकास के बारे में बताया। साथ ही क्रियायोग का अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने समझाया कि महर्षि पतंजलि का मूलभूत सिद्धांत क्रियायोग विज्ञान की साधना ही साधक के अंतर्गत उसके अंत:करण में योग की अवस्था को जन्म देती है। महर्षि पतंजलि ने अपनी पुस्तक पतंजलि योग दर्शनम के साधनापाद के प्रथम सूत्र में क्रियायोग का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि क्रियायोग की साधना परंपरा में सिखाए जाने वाले आसन एवं प्राणायाम की अवैज्ञानिक क्रियाओं की तुलना में सरल और कई गुना प्रभावी है, जिसमें साधक का शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य एवं विकास के साथ आध्यात्मिक उन्नति का द्वार खुलता है। साधक जो चाहे वह जीवन में प्राप्त करने की क्षमता का स्वामी बनता है। इस मौके पर छात्राओं को वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक भोजन पद्धति के बारे में बताया। कार्यक्रम में प्रबंधक पंकज जायसवाल, प्राचार्या सुधा श्रीवास्तव भी मौजूद थीं।
00
छात्राओं को बताए अपराधों से बचने के उपाए
रमा देवी बालिका इंटर कॉलेज में हुई महिला जागरूकता एवं सतर्कता कार्यशाला
इलाहाबाद। रमा देवी बालिका इंटर कॉलेज में मानव विकास प्रशिक्षण संस्थान एवं तथ्य फॉरेंसिक के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ‘महिला जागरूकता एवं सतर्कता’ पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रशिक्षण संस्थान की दीपिका राय ने बताया कि महिलाओं को आज शारीरिक मानसिक एवं आर्थिक रूप से भी मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। तथ्य फॉरेंसिक की जूनियर सांइटिफिक अधिकारी खालिदा नजीर ने समाज में हो रहे अपराधों से बालिकाओं को बचने के उपाय बताए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्या यामिनी सिंह ने बालिकाओं को अपराध के प्रति सजग रहने के लिए प्रेेरित किया। इसमें संस्थान के सचिव सत्येंद्र कुमार यादव, उपाध्यक्ष कमल नारायण शुक्ला, नूतन कृष्णा, रोहित पांडेय ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन सौरभ प्रकाश ने किया। इसमें गौरव जायसवाल, अभयराज श्रीवास्तव, मुस्ताक अहमद ने सहयोग किया।