सूब में आठवीं तक के 859 विद्यालयों को अपग्रेड कर हाईस्कूल का दर्जा दिया जाएगा। इस बाबत राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत शासन की ओर से केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव में प्रयागराज के भी 12 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल किए गए हैं।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के लखनऊ स्थित मुख्यालय की ओर से प्रदेश में आठवीं तक के 859 स्कूलों के उच्चीकरण का प्रस्ताव केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजा है। हालांकि, सत्र 2019-20 शुरू हो चुका है। ऐसे में प्रस्ताव को मंजूरी मिलती भी है तो इस सत्र से स्कूलों का उच्चीकरण नहीं हो सकेगा। ऐसे में इन 859 स्कूलों को अगले सत्र 2020-21 में ही हाईस्कूल का दर्जा मिल सकेगा। प्रस्ताव में जिन स्कूलों को शामिल किया गया है, उनमें से कई स्कूलों के उच्चीकरण के लिए जमीन उपलब्ध है और तमाम स्कूलों के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है। इन स्कूलों के उच्चीकरण के लिए जमीन तलाशी जाएगी। प्रस्ताव में प्रयागराज के उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरवल, चैमलपुर, छतरगढ़, करपिया, नेवादा, नेवादा समोगर, सकरा, भीटी, बम्हरौली, साजी, शेख सरवा और उच्च प्राथमिक स्कूल सीकी कला का नाम भी शामिल है।