नैक टीम ने पूरा किया इविवि का दौरा
0 आखिरी दिन भी कई विभागों का औचक निरीक्षण
0 टीम की मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर तय होगी ग्रेेडिंग
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की नैक ग्रेडिंग के लिए विश्वविद्यालय आई नैक टीम ने तीसरे दिन बृहस्पतिवार को अपना निरीक्षण पूरा कर लिया। छह सदस्यीय नैक टीम के ज्यादातर सदस्य लौट गए हैं और अब विश्वविद्यालय प्रशासन के अफसरों की धड़कने तेज हो गई हैं, क्योंकि यहां से करके लौटे सदस्य विश्वविद्यालय का मूल्यांकन करेंगे और इसी आधार पर विश्वविद्यालय की ग्रेडिंग निर्धारित होगी।
नैक टीम यहां 26 मार्च को पहुंची थी और पहले ही दिन से टीम के सदस्य तेवर में थे। विश्वविद्यालय ने नैक टीम के लिए जो कार्यक्रम निर्धारित किया था, टीम ने उससे अलग अपने हिसाब से दौरा किया और अफसरों को चौंकाते हुए कई विभागों का औचक निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को भी कुछ विभागों का औचक दौरा किया। इसके अलावा ज्यादातर विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर विभागों की उपलब्धियां और उनकी भविष्य की कार्ययोजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
पिछले तीन दिनों में नैक की टीम ने कई विभागों समेत छात्रावासों, पुस्तकालय, स्टेडियम, एफसीआई बिल्डिंग, गेस्ट हाउस, वित्त अधिकारी एवं रजिस्ट्रार कार्यालय, दरभंगा हॉल का निरीक्षण किया। टीम को तीन दिनों में निरीक्षण करने का लक्ष्य दिया गया था और विश्वविद्यालय परिसर काफी बड़ा है, सो टीम ने कई बार दो भागों में बंटकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने विश्वविद्यालय की कार्य पद्धति, पठन-पाठन के तौर तरीके एवं आधारभूत संरचनाओं का मूल्यांकन किया। टीम इस आधार पर मूल्यांकन करेगी और टीम की रिपोर्ट पर ही विश्वविद्यालय को ग्रेडिंग दी जाएगी।