बालू से तैयार हो रहा अल्पसंख्यक छात्रावास, नाराजगी
औचक निरीक्षण में खुलासा होने पर ठेकेदार शैलेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकबाल हैदर और रुमाना सिद्दीकी ने जीआईसी परिसर में बन रहे सौ बेड के छात्रावास के निर्माण में व्यापक धांधली पकड़ी है। बालू से हो रहे प्लास्टर पर नाराजगी प्रकट करते हुए ठेकेदार शैलेंद्र सिंह पर कार्रवाई करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जीआईसी परिसर में अल्पसंख्यक बच्चों के लिए सौ बेड का छात्रावास बन रहा है। बुधवार को जिले में भ्रमण के दौरान अचानक भवन देखने पहुंच गए। दीवार में लगा प्लास्टर हाथ में लिया और देखा कि उसमें सीमेंट की मात्रा बहुत कम और बालू की मात्रा अधिक थी। टीम के सदस्यों ने प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण निदेशक को मौके पर ही फोन लगाया और सीएनडीएस के निदेशक और ठेकेदार शैलेंद्र सिंह पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा कटरामेदनीगंज स्थित मदरसा जामियतुस स्वालेहात निस्वा के छात्रावास का भ्रमण कर सुख-सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव मौजूद रहे।