अब नहीं फंसेंगे परीक्षा परिणाम, बढ़ेगा विशेषज्ञों का पैनल
यूपीपीएससी ने विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए मांगे आवेदन
न्यूनतम दस वर्ष के अनुभव वाले शिक्षकों को मिलेगा मौका
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षाओं के परिणाम समय से जारी किए जा सकें, इसके लिए आयोग ने विशेषज्ञों के पैनल में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। न्यूनतम दस वर्ष के अनुभव वाले शिक्षकों को ही विशेषज्ञों के पैनल में शामिल किया जाएगा। आयोग ने विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांग लिए हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में परीक्षा विषयक गोपनीय कार्यों के लिए विशेषज्ञों के पैनल का संवर्द्धन किया जाना है। विशेषज्ञों के पैनल में वही सेवारत या सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल किए जाएंगे, जिनका न्यूनतम अनुभव स्नातक/परास्नातक स्तर पर 10 वर्षों का हो। इसके लिए केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध वित्तपोषित महाविद्यालयों, राजकीय मेडिकल कॉलेजों एवं राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त शिक्षकों से बायोडाटा मांगा गया है। बायोडाटा का प्रारूप आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। बायोडाटा पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट या ई-मेल ‘ceuppscald@gmail.com’ के माध्यम से आयोग की परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार को 30 अक्तूबर को शाम पांच बजे तक भेजा जा सकता है।
आयोग के इस निर्णय से अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं के परिणाम फंसे हुए हैं। सम्मिलित राज्य अभियंत्र सेवा परीक्षा-2013 के तहत अवर अभियंता और सहायक अभियंता के चार हजार से अधिक पदों का परिणाम विशेषज्ञ न मिलने के कारण ही फंसा हुआ है। इसके अलावा पीसीएस-2016 की मुख्य परीक्षा का परिणाम भी विशेषज्ञों की कमी के कारण काफी समय से अटका हुआ है। आयोग में नए विशेषज्ञों के आने के बाद कॉपियां जांचने का काम समय से पूरा किया जा सकेगा और परिणाम के लिए अभ्यर्थियों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा।
00000000000000
कर्मशाला अनुदेशक पद के लिए मांगी आवेदन की हार्ड कॉपी
इलाहाबाद। कर्मशाला अनुदेशक के विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से आवेदन की हार्ड कॉपी मांगी गई है। कर्मशाला अनुदेशक काष्ठ कला, शीट मेटल/पेंटिंग, फिटिंग/प्लम्बिंग, पेंटिंग/पालिसिंग, लौह कला, मशीन शॉप एवं कर्मशाला अनुदेशक वेल्डिंग पद के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन की हार्ड कॉपी सभी शैक्षिक प्रपत्रों की प्रमाणित प्रतियों के साथ 16 अक्तूबर तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आयोग के गेट नंबर के काउंटर पर या स्पीड पोस्ट के माध्यम से सचिव, लोक सेवा आयोग के नाम से जमा करने के लिए कहा गया है।