बीस सितंबर से पहले आएगा पीसीएस-2016 का रिजल्ट
0 आरओ-एआरओ परीक्षा की उत्तरकुंजी भी अगले माह जारी करेगा आयोग
0 यूपीपीएससी के अनुसचिव ने प्रतियोगियों से वार्ता में दिए कई आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) पीसीएस-2016 की मुख्य परीक्षा का परिणाम 20 सितंबर से पहले जारी कर देगा। वहीं, समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2017 की उत्तरकुंजी भी सितंबर में जारी कर दी जाएगी। यूपीपीएससी के अनुसचिव ने सोमवार को प्रतियोगी छात्रों से हुई वार्ता के दौरान ये आश्वासन दिए।
प्रतियोगी छात्र भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा के बैनर तले कई मुद्दों को लेकर आयोग में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। धरना-प्रदर्शन के दौरान आयोग के सचिव जगदीश ने अपने प्रतिनिधि के रूप में अनुसचिव सुरेंद्र उपाध्याय को वार्ता के लिए भेजा। उन्होंने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पीसीएस-2016 की मुख्य परीक्षा का परिणाम 20 सितंबर से पहले जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा का मॉडल पेपर जारी किए जाने की मांग पर आश्वासन दिया कि सितंबर के अंत तक कोई निर्णय लिया जा सकता है। आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2016 की पेपर आउट होने के मामले सीबीसीआईडी जांच अब तक पूरी नहीं हुई। इस पर उन्होंने शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
यह भी कहा कि पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं, सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2013 के मसले पर आश्वस्त किया कि सहायक अभियंता का परिणाम अक्तूबर और अवर अभियंता का परिणाम दिसंबर में जारी किया जाएगा। प्रतियोगियों ने यह मांग भी की कि वर्ष 2019 का परीक्षा कैलेंडर शीघ्र जारी किया जाए और सीबीआई जांच का बहाना बनाकर परीक्षाएं न टाली जाएं। प्रतियोगियों ने डायट प्रवक्ता परीक्षा के लंबित परिणाम का मुद्दा भी उठाया, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। वार्ता एवं प्रदर्शन में मोर्चा के अध्यक्ष कौशल सिंह समेत अर्चना सिंह, प्रवीण सिंह, राधेकृष्ण दुबे, अमित यादव, कुंवर साहब सिंह, सतीश कुमार, उत्कर्ष द्विवेदी, राजेश तिवारी, नेहा गुप्ता, सतीश कुमार, मनीष सिंह, चंदन सिंह, अर्चना सिंह, सौम्या राय, अंकित, आलोक राय आदि शामिल रहे।