तबादले के लिए सबसे ज्यादा आवेदन इलाहाबाद से
परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों से लिए गए हैं ऑनलाइन आवेदन
आवेदन पत्रों के सत्यापन के बाद शुरू होगी स्थानांतरण प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आवेदन की पूरी सूची बेसिक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से बेसिक शिक्षा परिषद को प्राप्त हो गई है। सबसे ज्यादा आवेदन इलाहाबाद जिले से ही हैं। सचिव बेसिक शिक्षा संजय सिन्हा ने सभी बीएसए को ऑनलाइन सत्यापन का काम बृहस्पतिवार तक पूरा करने का निर्देश दिया है। इसके बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए अकेले इलाहाबाद से 3016 शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इसी तरह आजमगढ़ से 2900, जौनपुर से 2777, गोरखपुर से 1773, बहराइच से 1648, फैजाबाद से 1563, बलिया से 1317, लखनऊ से 999, वाराणसी से 456 शिक्षकों ने आवेदन किए हैं। इसी तरह अन्य जिलों से भी शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किए हैं। हालांकि शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया करीब डेढ़ माह पहले ही पूरी हो जानी थी लेकिन ज्यादातर बीएसए की ओर से शिक्षकों का सैलरी डाटा भेजने में देरी के कारण इस प्रक्रिया में विलंब हुआ।
अब जबकि जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 अगस्त को पूरी हो चुकी है और अब बीएसए के माध्यम से आवेदन के सत्यापन का काम शेष है। इस प्रक्रिया में विलंब न हो, इसके लिए सचिव श्री सिन्हा से सभी बीएसए को तय समय में सत्यापन का काम पूरा करने की सख्य हिदायत भी दे दी है। उन्होंने कहा है कि सत्यापन के काम में विलंब की स्थिति में संपूर्ण स्थानांतरण प्रक्रिया बाधित होगी और ऐसा होने पर बीएसए को व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी माना जाएगा।