गेहूं की तर्ज पर होगी धान की रिकार्ड खरीद : केशव
0 इफको के स्वर्णजयंती सम्मेलन में किसानों को दी गई योजनाओं तथा तकनीकी की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को केपी कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित किसान एवं सहकार सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योजनाओं तथा सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गेहूं की तर्ज पर धान की भी रिकार्ड और पारदर्शी तरीके से खरीद की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल रिकार्ड 40 लाख टन गेहूं की खरीद की गई। सभी किसानों का पैसा उनके खाता में सीधे पहुंचा। धान की खरीद भी इसी तर्ज पर की जाएगी। कहा कि प्रदेश के 86 लाख किसानों को कर्जमाफी योजना का लाभ मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने कृषि बजट में 39 फीसदी की बढ़ोतरी की है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती की नई तकनीकी, खाद्य प्रसंस्करण आदि योजनाओं पर जोर है। उन्होंने गन्ना किसानों का भुगतान, यूरिया की कालाबाजारी पर रोक, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड में गड़बड़ी की जांच, उज्ज्वला आदि योजनाओं का जिक्र करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को किसानों का हितैशी बताया।
इससे पहले इफको के प्रबंध निदेशक डॉ.उदय शंकर अवस्थी ने बताया कि पांच लाख रुपये से इफको की शुरुआत हुई थी। आज यह विश्व की सबसे बड़ी सहकारी संस्था है। युनाइटेड नेशन ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने अन्य योजनाओं के बारे में भी बताया। कार्यकारी निदेशक योगेंद्र कुमार ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने किसानों और सलाहकार समिति के सदस्यों को सम्मानित भी किया। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टाल पर इफको के उत्पादों की जानकारी दी गई। दिन भर चले कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने इफको की योजनाओं के अलावा खेती की नई-नई तकनीकी की जानकारी दी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। कार्यक्रम में विधायक संजय गुप्ता, डॉ.अजय भारती, इफको के उप महाप्रबंधक विपणन हरीश चंद्र श्रीवास्तव, निदेशक शीश पाल सिंह, मुकुल श्रीवास्तव, ऋषि पाल आदि मौजूद रहे।
000
सम्मानित होने वाले किसान
0 स्वर्णजयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में चंद्रावती, बीडी सिंह, कामता प्रसाद, रामकृष्ण, विनोद सिंह, रिजवान अहमद, राम सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, गोविंद सरोज, विनोद पांडेय, आरपी सिंह बघेल, आरपी, सुधीर, भइयालाल, अमरनाथ, जगदीश सिंह, रामानंद मौर्य, हरि प्रताप, अखिल, विजय लक्ष्मी सिंह, केएन ओझा, चंद्रमा सिंह को सम्मानित किया गया। इन्हें एक लाख रुपये की बीमा पॉलिसी के साथ प्रशस्ति पत्र, ग्रीन सिमकार्ड, सब्जी की किट, जिंक सल्फेट, तरल जैव उर्वरक आदि दिए गए।
000
बिना ब्याज 2.50 हजार तक लोन ले सकते हैं किसान
0 किसान इफको की ओर से जारी कार्ड की मदद से ढाई हजार रुपये तक कर्ज ले सकते हैं। एक महीने तक उस पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। इसके बाद पांच महीने में कर्ज चुकाना होगा। इस दौरान 8.60 फीसदी ब्याज देना होगा। यह योजना बैंक ऑफ बड़ौदा की मदद से शुरू की गई है। कार्यकारी निदेशक योगेंद्र कुमार ने बताया कि किसान ढाई हजार में से जो राशि चुकता कर देंगे, उतना कर्ज दोबारा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को नीम के पौधे बांटने की भी योजना शुरू की गई। अब नीम कोटेड खाद बनने लगी है। इसके मद्देनजर नीम उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए यह योजना शुरू की गई है। पूरे प्रदेश में 36 लाख नीम पौधे लगाने की तैयारी है। अधिक उत्पादन वाले नीम के पौधे तैयार करने के लिए एफआरआई देहरादून से भी संपर्क किया गया है। उन्होंने इफको की कैशलेस खरीद योजना के बारे में भी बताया। इसके तहत किसान इफको के पोर्टल पर जाकर क्रेडिट कार्ड की मदद से घर बैठे सभी तरह के उत्पाद की खरीद कर सकते हैं।