आधी रात से महंगा हो गया रोडवेज की एसी बसों का सफर
0 एसी बसों में सफर करने वालों को देना होगा पांच फीसदी जीएसटी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। शुक्रवार की आधी रात से रोडवेज की एसी बसों का किराया बढ़ गया। ऐसा इसलिए क्योंकि अब रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को पांच फीसदी अतिरिक्त जीएसटी का भी चार्ज देना होगा। ऐसे में इलाहाबाद से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी आदि शहरों की तरफ रोडवेज की एसी बसों में सफर करने वाले मुसाफिरों की जेब पर पांच रुपये से 15 रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
यह पहले ही तय हो गया था गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) लागू होने के बाद परिवहन निगम की एसी बसों का सफर महंगा हो जाएगा। एसी बसों की सभी सेवाओं में पांच फीसदी जीएसटी लगेगा। रोडवेज द्वारा शुक्रवार को सॉफ्टवेयर में एसी बसों के किराये की दरों की फीडिंग का काम भी किया गया। सिविल लाइंस डिपो के एआरएम दीपक चौधरी के मुताबिक शुक्रवार की रात 12 बजे के बाद यात्रियों को पांच फीसदी जीएसटी भी देना होगा।
इलाहाबाद से एसी जनरथ बसों का किराया
शहर पहले अब
लखनऊ 251 262
आजमगढ़ 205 215
रायबरेली 146 155
गोरखपुर 337 353
बांसी 367 385
बस्ती 308 322
गोपीगंज 76 80
फैजाबाद 200 210
अयोध्या 222 233
वाराणसी 156 165
इलाहाबाद से शताब्दी बस का किराया
लखनऊ 313 328
रायबरेली 186 195
गोपीगंज 96 100
वाराणसी 193 203