प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की 75 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही राज्य विवि प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल की ओर से विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की 75 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होने पर परीक्षा फॉर्म भरने व परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कॉलेजों व छात्र-छात्राओं को नोटिस और वेबसाइट के माध्यम से इस सूचना से अवगत कराने को कहा गया है।
इस निर्देश के अनुपालन में प्रो.राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय ने कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कुलपति प्रो.अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेजों में उपस्थिति की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है जो नियमित रूप से कॉलेजों का निरीक्षण करेगी। कुलपति ने कहा कि वह खुद कई कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों की हाजिरी की जांच करेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी कॉलेजों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी विद्यार्थियों की उपस्थिति की जांच की जाएगी। साथ ही महाविद्यालयों से कहा गया है कि जल्द से जल्द बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। कुलपति ने बताया कि राज्य विवि के मुख्य परिसर में शिक्षकों की बायोमीट्रिक हाजिरी होती है। जल्द ही छात्रों की बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था भी की जाएगी।
80 फीसदी कॉलेजों में 75 फीसदी से कम हाजिरी
प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ व कौशाम्बी में प्रो.राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध 739 महाविद्यालय हैं। इनमें 28 महाविद्यालय राजकीय व एडेड हैं और बाकी 711 स्ववित्त पोषित हैं। राज्य विवि के सूत्रों का कहना है कि केवल 20 फीसदी कॉलेज ऐसे हैं जहां 75 फीसदी उपस्थित का मानक पूरा हो रहा है। 80 फीसदी महाविद्यालयों में 75 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित करने की जरूरत है।